महाराष्ट्र के पालघर में शारीरिक संबंध बनाने से किया इनकार तो शख्स ने किया मंगेतर का रेप कर ले ली जान

पालघर/महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के पालघर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक शख्स ने अपनी नाबालिग मंगेतर को शादी से पहले शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। जब युवती नहीं मानी तो शख्स ने उसका जबरन रेप किया और उसे मौत के घाट उतार दिया। यह मामला पालघर के बिबलधर गांव का है। दोपहर जब युवती के माता-पिता घर से खेत के लिए रवाना हुए, तो आरोपी युवक ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार की दोपहर युवती के माता-पिता खेत चले गए। तभी युवती का मंगेतर घर पर आ धमका। युवती को अकेले देखकर उसने शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। हालांकि, युवती ने साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद शख्स ने उसका रेप किया और फिर उसे जान से मार दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव के पास स्थित जंगल की तरफ भाग गया। शाम को जब युवती के माता-पिता घर लौटे, तो बेटी का शव देख उनके हाथ-पांव फूलने लगे। युवती की मां ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत ले लिया है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



