फतेहपुर में फेल हुई ट्रैफिक व्यवस्था, चौराहों पर घंटों फंसे रहे वाहन

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। धनतेरस और दीपावली पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के तमाम दावों के बावजूद शहर की सड़कों पर जाम का आलम देखने को मिला। प्रमुख चौराहों पर एक ट्रैफिक सिपाही और दो होमगार्डों की तैनाती के बावजूद यातायात व्यवस्था चरमराई रही। कई जगहों पर वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे।
रविवार को ज्वालागंज बस स्टैंड रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एक घंटे से ज्यादा समय तक लोग जाम में फंसे रहे, लेकिन ट्रैफिक कंट्रोल के लिए कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। जैसे-तैसे जाम खुला, लेकिन कुछ ही देर में फिर वही हालात बन गए।
पटेल नगर, वर्मा चौराहा, बाकरगंज और पथरकटा चौराहे पर भी स्थिति दिनभर बिगड़ी रही। दीपावली की खरीदारी के लिए घरों से निकले लोग जाम की समस्या से लगातार जूझते रहे। भारी ट्रैफिक के बीच ट्रैफिक पुलिस की नाकामी लोगों की परेशानी का बड़ा कारण बनी रही।
परदेस में रहकर रोजी-रोटी कमाने वाले दीपावली पर घर लौट रहे हैं। रविवार को रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ रही। दीपावली पर अमावस्या के मौके पर धर्मनगरी चित्रकूट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रोडवेज ने 25 से अधिक रोडवेज बसें लगाई हैं। इनमें ज्यादातर परदेस से घर लौटने वाले रहे। रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों से दीपावली के मौके पर परदेस से घर लौटने वाले यात्री उतरे।
यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए चौराहे पर एक ट्रैफिक सिपाही और दो होमगार्ड तैनात किए गए हैं। त्योहार पर आवागमन अधिक होने से जाम की स्थिति बन रही है। जाम लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया जा रहा है।





