बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध घुसपैठ रैकेट का भंडाफोड़, पुलिस ने चार लोगों को किया गिरफ्तार
Illegal infiltration racket of Bangladeshi citizens busted, police arrested four people

नई दिल्ली। दिल्ली में बांग्लादेशियों की पहचान के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के बीच दक्षिण जिला के वाहन चोरी निरोधक दस्ता ने एक और इमिग्रेशन रैकेट का भंडाफोड़ कर चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह भी बांग्लादेशी नागरिकों को सीमा पार कराने से लेकर फर्जी भारतीय दस्तावेज के जरिये उनके आधार कार्ड बनवाने व भारतीय नागरिक बनाने का धंधा कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों में दो बांग्लादेशी नागरिक बिलाल होसेन व उसकी पत्नी तान्या खान और दो भारतीय अमीनूर इस्लाम व आशीष मेहरा शामिल हैं। आशीष मेहरा बांग्लादेशी नागरिकों के आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार करके बांग्लादेशियों को अवैध आप्रवासन की सुविधा प्रदान कर रहा था, जबकि अमीनूर इस्लाम बांग्लादेश की सीमा से असम के कृष्णाई और न्यू बोंगोई गांव रेलवे स्टेशनों तक उनके परिवहन की सुविधा प्रदान कर रहा था।
आधार कार्ड व अन्य भारतीय दस्तावेज बनाने के लिए आशीष अलग-अलग बांग्लादेशियों से उनकी हैसियत के हिसाब से अलग-अलग पैसे वसूलता था। आधार के लिए वह साढे चार हजार से 10 हजार रुपये तक चार्ज करता था। संयुक्त आयुक्त सदर्न रेंज संजय कुमार जैन के मुताबिक बांग्लादेशी भारतीय क्षेत्र में जंगल के रास्ते से प्रवेश कर दिल्ली पहुंचने के एक्सप्रेस ट्रेनों का इस्तेमाल कर रहे थे। इस गिरोह का मुख्य सरगना अनीश खेख व उसकी पत्नी सपना है जो बांग्लादेशी हैं।
वह तीन साल से दिल्ली में रहकर बांग्लादेशी नागरिकों को बांग्लादेश से दिल्ली बुलाकर उनके आधार कार्ड व अन्य भारतीय दस्तावेज बनवाने से लेकर उनके रहने के लिए भी जगह दिलाने का काम कर रहा था। दोनों पति-पत्नी पुलिस से बचने के लिए दक्षिण रेंज के जिलों में जगह बदल-बदल कर रहते थे। बाद में उसने सगे भाई बिलाल होसेन व उसकी पत्नी तान्या खान को भी दिल्ली बुला लिया था। ये दोनों भी वही धंधा करने लगी।
अनीश शेख का बांग्लादेश व भारत दोनों की सीमा में रहने वाले दर्जनों एजेंटों से अच्छी जान पहचान है जो बांग्लादेशियों को भारत में सीमा में प्रवेश कराने व दस्तावेज मुहैया कराने का काम करते हैं। पुलिस का कहना है कि अनीश शेख के पकड़े जाने के बाद उसके बांग्लादेशी सीमा में रहने वाले एजेंटों के बारे में पता लग सकेगा।




