दिल्ली-एनसीआर से कार चोरी कर बेचने वाले गैंग के एक वकील सहित दो बदमाश गिरफ्तार

गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर से कार चोरी कर उसे दिल्ली और राजस्थान में बेचने वाले गैंग के दो बदमाशों को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से स्कॉर्पियो, ब्रेजा समेत 3 कार बरामद की गई है। एसीपी वेव सिटी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान सोनू और मुस्तफा के रूप में है। सोनू मेकैनिक है और मुस्तफा ने हाल में ही एलएलबी किया है और वह प्रैक्टिस भी कर रहा था। उनके गैंग के एक साथी रवि के बारे में भी जानकारी मिली है। उसकी तलाश में भी टीम को लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, मूलरूप से नूंह मेवात का रहने वाला मुस्तफा पिछले कुछ समय से दिल्ली के जामिया नगर में रह रहा है। उसने पूछताछ में बताया कि पहले उसने ग्रेजुएशन किया था। इसके बाद सोनू के संपर्क में आने के बाद वह चोरी के वाहन को बिकवाने का काम करने लगा। इस बीच सोनू 2020 में जेल चला गया। जिसके बाद मुस्तफा ने एलएलबी में एडमिशन ले लिया। पुलिस के अनुसार, उसने बताया है कि 2023 में वह एलएलबी से पास आउट हुआ और उसके बाद प्रैक्टिस कर रहा था। मुस्तफा ने बताया कि गैंग में उसका काम चोरी की कार के ग्राहक तलाशना था।
पुलिस के अनुसार आरोपी डिमांड के अनुसार वाहन चोरी कर रहे थे। सोनू मेकैनिक है तो वाहन चोरी का काम वह रवि के साथ मिलकर कर रहा था। इसके बाद मुस्तफा उन कार को आगे बिकवा रहा था। पुलिस टीम अब इस पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी कर रही है।




