एससी एसटी एक्ट के मुकदमों से तंग आकर फांसी की मांग करने वाली महिला की बिगड़ी तबीयत

अलीगढ़,(उत्तर प्रदेश)। थाना इगलास क्षेत्र के गांव हस्तपुर में एससी एसटी के मुकदमों से परेशान होकर फांसी की मांग करने वाली बुजुर्ग महिला की तबियत रविवार को बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। बुजुर्ग महिला व उसके परिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद नजरबंद किया गया था। दो दिन पूर्व एससी एसटी एक्ट के मुकदमों से तंग आकर थाना इगलास क्षेत्र के गांव हस्तपुर निवासी मुन्नी देवी ने अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री से फांसी की मांग की थी। उन्होंने घरों पर पोस्टर भी चस्पा कर दिए थे। जिनपर लिखा था “मुख्यमंत्री जी हमारे परिवार को फांसी दो। हमारा दोष है कि हम जाट हैं। हमको अब कानून पर विश्वास नहीं है। कई बार फर्जी एससी एसटी एक्ट के मुकदमे लगाकर हमको बर्बाद कर दिया। निर्दोष तीनों बच्चों को 2008 से लगातार जेल भेजा जा रहा है।”
मामले की जानकारी होते ही शासन प्रशासन में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फांसी की मांग करने वाले परिवार को नजरबंद करने के निर्देश दिए थे। रविवार को मुन्नी देवी की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती किया गया।
वृद्ध महिला मुन्नी देवी का आरोप है कि उसके परिवार की महिलाओं समेत बेटों पर गांव के ही एक दलित परिवार के लोगों द्वारा 2008 से एससी एसटी एक्ट में अब तक कई मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। दलित परिवार के लोगों द्वारा उसके परिवार के लोगों पर दर्ज कराए इन मुकदमों में उसके परिवार की जमीन जायदाद से लेकर सब कुछ बिक चुका है। थाना इगलास इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला काफी बुजुर्ग हैं। जिसके चलते उनका बीपी डाउन हो गया था। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत ठीक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button