दिल्ली के यूट्यूबर ने बिजनेसमैन को बनाया हनी ट्रैप का शिकार, ब्लैकमेल कर वसूले 80 लाख रुपये

गुरुग्राम। दिल्ली के एक यूट्यूबर कपल पर हनी ट्रैप में फंसाकर बिजनेसमैन से 80 लाख रुपये से अधिक की मोटी रकम वसूलने और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। एक विज्ञापन एजेंसी चलाने वाले 21 साल के पीड़ित बिजनेसमैन का आरोप है कि नामरा कादिर और उसे पति विराट बेनीवाल के खिलाफ उसने अगस्त में ही शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन दंपति ने अंतरिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया। हाल ही में कोर्ट ने दंपती की याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद गुरुवार को गुरुग्राम सेक्टर 50 पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

गुरुग्राम के बादशाहपुर के रहने वाले पीड़ित ने बताया कि वह दिल्ली के शालीमार बाग की रहने वाली नामरा कादिर नाम की यूट्यूबर महिला से कुछ महीने पहले सोहना रोड स्थित स्टार होटल में काम के सिलसिले में मिला था। कादिर के साथ विराट उर्फ ​​मनीष बेनीवाल नाम का शख्स भी था। पीड़ित ने बताया कि उसने काम के सिलसिले में नामरा कादिर को 2.50 लाख रुपये का भुगतान किया। कुछ समय बाद जब उसने काम के बारे में पूछा, तो नामरा ने बिजनेसमैन को शादी के लिए प्रपोज कर दिया। इसके बाद दोनों दोस्त बन गए और इस तरह मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित और नामरा इसके बाद कई बार मिले और दोनों ने एक साथ रातें बिताईं। पीड़ित इस बात से अनजान था कि नामरा पहले से शादीशुदा है। इधर, चालाक दंपती ने नामरा के साथ बिजनेसमैन की निजी पलों को रिकॉर्ड कर लिया, और फिर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़ित ने बताया कि कादिर ने धमकी दी कि वह उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराएगी। इसी तरह ब्लैकमेल कर दंपती ने बिजनेसमैन से करीब 80 लाख रुपये से अधिक रुपये ठग लिए। गुरुग्राम पुलिस ने 10 अक्टूबर को दंपती को नोटिस दिया, लेकिन उन्होंने अंतरिम जमानत के लिए गुरुग्राम की अदालत का रुख किया, जिसे 18 नवंबर को खारिज कर दिया गया।

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपित दंपती पर भारतीय दंड संहिता की धारा 388 (किसी भी व्यक्ति को डराकर जबरन वसूली), 328 (जहर के माध्यम से चोट पहुंचाना), 406 (आपराधिक विश्वासघात), 506 (आपराधिक धमकी), 34 (सामान्य इरादे) के तहत गुरुवार को मामला दर्ज किया गया है। हम आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button