ऑस्ट्रेलिया पुलिस की भारतीय के साथ ज्यादती,सिर सड़क पर पटका, गर्दन पर रखा घुटना

अस्पताल में लड़ रहे मौत-जिंदगी की लड़ाई

कैनबरा/एजेंसी। ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में कथित पुलिसिया उत्पीड़न के बाद भारतीय मूल के शख्स की तबीयत बिगड़ गई है। 42 साल के गौरव कुंडी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके दिमाग में भारी चोट लगी है और उनको लाइफ सपोर्ट पर रखा गया है। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया पुलिस के गौरव को गिरफ्तार करने के समय का वीडियो फुटेज सामने आया है। इसमें दिखाया गया है कि पुलिस ने जमीन पर गिरा रखा है और पुलिसकर्मी उनकी गर्दन को घुटने से दबाए हुए है। गौरव बार-बार अपनी सफाई में ये कहते हुए सुने जा रहे हैं कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है।
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक, पुलिस ने गौरव कुंडी को नशे में होने और अपनी पत्नी से बहस करने के बाद गिरफ्तार किया गया था। हालांकि उनकी पत्नी अमृतपाल कौर ने पुलिस पर बेवजह पति से मारपीट और बल प्रयोग करने का आरोप लगाया है, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद कुंडी को रॉयल एडिलेड अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कही है।
गौरव की पत्नी अमृतपाल कौर ने घटना का वीडियो बनाते हुए पुलिस पर खराब बर्ताव का आरोप लगाते हुए कहा कि जब पुलिस अधिकारी ने उनके पति की गर्दन पर घुटना रखा तो उन्हें 2020 में जॉर्ज फ्लॉयड मामले की याद आ गई। इस तरह की पुलिस की कार्रवाई से तो मौत तक हो सकती है। कौर ने कहा कि गिरफ्तारी के दौरान कुंडी का सिर पुलिस वाहन और सड़क पर पटका गया, जिससे वह बेहोश हो गए। गौरव कुंडी दो बच्चों के पिता हैं।
कुंडी का इलाज कर रहे रॉयल एडिलेड अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि उनके दिमाग और गर्दन की नसों को गंभीर रूप से नुकसान हुआ है। वह अस्पताल में लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर मौत और जिंदगी की लड़ाई लड़ रहे हैं। दूसरी ओर कुंडी की गिरफ्तारी के बाद साउथ ऑस्ट्रेलियन पुलिस कमिश्नर ग्रांट स्टीवंस ने अपने अधिकारियों का बचाव करते हुए कहा कि बॉडीकैम फुटेज से पता चलता है कि उन्होंने सिर्फ अपना काम किया है।
पुलिस ने कहा कि कुंडी ने नशे में अपनी पत्नी से बहस की जिसे पुलिस गश्ती दल ने घरेलू हिंसा समझ लिया। कुंडी ने दावा किया कि वह सिर्फ नशे में थे और जोर से बोल रहे थे। उनकी ओर से कोई मारपीट नहीं की गई थी। कार्यवाहक सहायक आयुक्त जॉन डीकैंडिया ने कहा कि शुरुआती सबूतों के आधार पर अधिकारी गलत नहीं दिख रहे हैं लेकिन मामले की पूरी जांच की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button