गोकशी के लिए लाई गई गायों को बचाकर लोगों ने स्लॉटर होम का किया भंडाफोड़, गोरक्षा दल ने घटना को बताया शर्मनाक

नई दिल्ली। जैतपुर इलाके में गोकशी के लिए लाई गई गायों को बचाकर स्लाटर होम के भंडाफोड़ का मामला सामने आया है, जहां स्थानीय लोगों ने एक गोरक्षा समिति की मदद से एक आरोपित गाजियाबाद के लोनी के सरस्वती विहार के पुनीत प्रकाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और मौके से 10 गायों के साथ गाय के एक बच्चे को बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता अरुण अग्रवाल ने बताया कि जैतपुर पाल फार्म में टेंपो से गायें उतारी जा रही हैं। शिकायतकर्ता पंकज जैन अपनी गोरक्षा समिति के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां पर गायें दो टेंपो में ठूस-ठूस कर भरी हुई थी। इस दौरान गायों को उतारने वाले पांच-छह लोग तो भाग गए, लेकिन एक आरोपित को उन्होंने दबोच लिया।
उसकी पहचान गाजियाबाद के लोनी के सरस्वती विहार के पुनीत प्रकाश के रूप में हुई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को देकर वहां मौजूद 10 गायों और एक गाय के बच्चे को बरामद कर लिया। वहीं, मामले में गोरक्षा दल के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राकी राणा ने कहा कि गायों और गोवंशियों के साथ पैसों के लिए ये रवैया अपनाना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है।




