बीजेपी विधायक बालमुकंद आचार्य ने तिरंगे से पोंछा पसीना, देशभक्ति पर कांग्रेस ने पूछे सवाल
BJP MLA Balmukund Acharya wiped sweat with the tricolor, Congress asked questions on his patriotism

जयपुर/एजेंसी। हमेशा सुर्खियों में रहने वाले भाजपा विधायक बाल मुकुंद आचार्य आज फिर चर्चाओं में आ गए हैं। गुरुवार 15 मई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में निकाली गई तिरंगा यात्रा में विधायक बाल मुकुंद आचार्य भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष के आने के दौरान वे मंच पर थे और बाद में तिरंगा लेकर यात्रा में निकल पड़े। दोपहर करीब 12 बजे थे। तेज धूप निकली हुई थी। तिरंगा यात्रा में शामिल हुए लोगों को पसीने आ रहे थे। विधायक बाल मुकुंद आचार्य को भी पसीना आया तो उन्हें पोंछ लिया। बस, उनके पसीना पोंछने के तुरंत बाद ही वे विवादों में आ गए।
तिरंगा यात्रा के दौरान विधायक बाल मुकुंद आचार्य एक हाथ में हनुमान जी की गदा और दूसरे हाथ में तिरंगे के साथ एक तख्ती पकड़ रखी थी। तख्ती पर लिखा था ऑपरेशन सिंदूर अभूतपूर्व। चलते चलते उन्हें पसीना आया तो उन्होंने जिस हाथ में हनुमानजी की गदा पकड़ रखी थी। उस हाथ से तख्ती पकड़ी और बायें हाथ से तिरंगे से पसीना पोंछने लगे। उन्होंने तिरंगे से अपनी नाक पोंछी। चूंकि बाल मुकुंद आचार्य के तिरंगा यात्रा में शामिल होने पर कई लोग सोशल मीडिया पर उनका लाइव चला रहे थे। तिरंगे से नाक पोंछने वाला सीन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि गलती का अहसास होते ही उनके साथ चल रहे गनमैन ने पसीना पोंछने के लिए उन्हें तुरंत रुमाल दे दिया था लेकिन तिरंगे से नाक पोंछने का 7 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
तिरंगे से नाक पोंछने का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हुआ। फिर क्या था। कांग्रेस को मौका मिल गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एडवोकेट जसवंत गुर्जर ने भाजपा के विधायक पर तिरंगे का अपमान करने का आरोप लगाया। गुर्जर ने इस वीडियो को अपने X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि तिरंगे का अपमान, कब तक सहेगा हिंदुस्तान। साथ ही भाजपा विधायक से माफी मांगने की बात भी लिखी।




