कौन बनेगा मुंबई का नया पुलिस कमिश्नर? 30 अप्रैल तक है विवेक फनसलकर का कार्यकाल
Who will become the new police commissioner of Mumbai? Vivek Phansalkar's tenure is till 30 April

- मुंबई सीपी का कार्यकाल 30 अप्रैल को होगा पूरा
- एक्सटेंशन नहीं मिला तो 1 मई को मिलेंगे नए सीपी
- चर्चा में पांच से छह आईपीएस ऑफिसर के नाम है
मुंबई/एजेंसी। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई का अगला पुलिस आयुक्त कौन होगा? महाराष्ट्र की ब्यूरोक्रेसी में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। इसकी वजह है कि मुंबई के वर्तमान पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर का कार्यकाल 30 अप्रैल को पूरा हो रहा है। अगर राज्य सरकार विवेक फनसलकर को एक्टेंशन नहीं देती है तो फिर मुंबई को 1 मई को नया पुलिस आयुक्त मिलेगा। विवेक फणसलकर 1 जुलाई 2022 को मुंबई के पुलिस आयुक्त बने थे। फनसलकर से पहले संजय पांडे मुंबई के सीपी थे। महाराष्ट्र की डीजीपी रश्मि शुक्ला हैं। मुंबई पुलिस आयुक्त की दौड़ में कई सीनियर अधिकारियों के साथ तेजतर्रार आईपीएस अर्चना त्यागी भी हैं। अर्चना त्यागी महाराष्ट्र कैडर की आईपीएस है। वे 1993 बैच की अधिकारी हैं।
अर्चना त्यागी को ‘लेडी सुपरकॉप’ के नाम से भी जाना जाता है। बॉलीवुड फिल्म ‘मर्दानी’ इन्हीं पर बनी थी। उस फिल्म में एक्ट्रेस रानी मुखर्जी ने पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई थी। नए सीपी के चयन में वरिष्ठता के साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की राय अहम होगी। महायुति 2.0 में गृह विभाग भी उन्हीं के पास है। अगर अर्चना त्यागी बनती है तो निश्चित तौर बड़ा सरप्राइज होगा। अर्चना त्यागी के अलावा 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय कुमार वर्मा, सदानंद दाते और बिपिन कुमार सिंह भी कमिश्नर बनने की रेस में शामिल हैं। अभी ये सभी आईपीएस डीजी रैंक के अधिकारी हैं। इनके अलावा देवेन भारती का नाम भी चर्चा में है। उन्हें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का करीबी माना जाता है। भारती वर्तमान में मुंबई के स्पेशल पुलिस कमिश्नर के पद पर हैं। यह पद मुंबई पुलिस के इतिहास में पहली बार बनाया गया है।
इस रेस में सबसे वरिष्ठ अधिकारियों में 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय कुमार वर्मा हैं, जो अप्रैल पद 2028 में रिटायर होंगे। संजय कुमार वर्मा 5 नवंबर से 26 नवंबर तक राज्य के पुलिस महानिदेशक का संभाल चुके हैं। उन्हें चुनाव आयोग के आदेश पर डीजी बनाया गया था। कांग्रेस की आपत्ति के बाद रश्मि शुक्ला को हटाया गया था। चुनावों के बाद वह अपने पद पर वापस आ गई थीं। वर्मा के बाद महाराष्ट्र कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सदानंद दाते का नाम आगे चल रहा हैं। वह दिसंबर 2026 में रिटायर होंगे। दाते अभी केंद्र की प्रतिनियुक्ति पर है। वे अभी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के प्रमुख हैं।




