फतेहपुर में वर्चस्व को लेकर वर्तमान और पूर्व प्रधान के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, एक ही परिवार के तीन की मौत
तिहरे हत्याकांड के आरोपियों का एनकाउंटर, 18 घंटे में पुलिस को मिली सफलता, दो बदमाश गिरफ्तार

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में मंगलवार की सुबह खूनी संघर्ष देखने को मिला है। आपसी विवाद और वर्चस्व को लेकर वर्तमान और पूर्व प्रधान के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि इस दौरान पूर्व प्रधान की तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। इसमें एक ही परिवार के मौजूदा प्रधान पुत्र समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुए इस ट्रिपल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने विवाद को देखते हुए गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। घटना हथगाम थाना क्षेत्र के तहरीरपुर चौराहे की है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के अखरी गांव में महिला रामदुलारी सिंह वर्तमान प्रधान हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानी की रंजिश को लेकर पूर्व प्रधान पक्ष से तनातनी रहती थी। मंगलवार की सुबह मौजूदा महिला प्रधान के बेटे और किसान नेता 50 वर्षीय पप्पू सिंह, इनके पुत्र 22 वर्षीय अभय सिंह और छोटे भाई रिंकू सिंह (40) निवासीगण अखरी थाना हथगाम बाइक से जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि इस बीच जैसे ही बाइक सवार थाना क्षेत्र के तहरीरपुर गांव स्थित चौराहे के पास पहुंचे तो आगे जा रहे ट्रैक्टर से साइड को लेकर कहासुनी होने लगी। ट्रैक्टर पूर्व प्रधान का बताया जा रहा है। आरोप है कि देखते ही देखते दोनों पक्षों से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। इसमें वर्तमान प्रधान के उपरोक्त 3 बेटों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सनसनीखेज इस ट्रिपल मर्डर से इलाके में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना पर एसपी धवल जायसवाल के साथ पुलिस के अन्य अफ़सर और कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस जांच में जुटी है। तीन लोगों के मौत की खबर लगते ही जहां गांव में मातम पसर गया। वहीं गांव में काफी तनाव व्याप्त है।
ट्रिपल हत्याकांड के दो बदमाशों को 18 घंटे के भीतर पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पैरों में गोली लगी है। घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सनसनीखेज वारदात के नामजद आरोपियों में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, मामले के 2 फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि हथगाम थाना क्षेत्र के अखरी गांव में मंगलवार की सुबह गांव की पॉलिटिकल प्रतिद्वंद्विता के चलते तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पूर्व प्रधान सुरेश सिंह उर्फ मुन्नू सिंह समेत आधा दर्जन लोगों ने भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष विनोद सिंह उर्फ पप्पू सिंह, उनके भाई अनूप सिंह उर्फ पिंकू सिंह और पुत्र अभय प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।तिहरे हत्याकांड मामले में मुन्नू सिंह और उसके बेटे समेत समेत 6 लोगों के खिलाफ स्थानीय थाने में केस दर्ज किया गया था। जघन्य हत्याकांड को देखते हुए पुलिस की कई टीमों का गठन कर बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही थी।
![]()
एसपी ने बताया कि मंगलवार की देर रात इंटेलिजेंस विंग के साथ खागा और औंग थाना पुलिस की टीम खागा कोतवाली क्षेत्र के प्रेमनगर-बुदवन मार्ग पर बरकतपुर गांव स्थित बदलुवापुर मोड़ के पास बैरिकेडिंग लगाकर फरार बदमाशों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान प्रेमनगर की ओर से आ रही काली स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर मुड़कर भागने का प्रयास किया। एसपी ने कहा कि पहले से मुश्तैद पुलिस ने घेराबंदी कर ली। यह देख स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में स्कॉर्पियो सवार हत्यारे पीयूष सिंह और सज्जन सिंह निवासी अखरी थाना हथगाम के पैरों में गोली लगी। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले 6 आरोपियों में अब तक 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। वही मामले के दो आरोपी फरार चल रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। हत्थे चढ़े दोनों उक्त बदमाशों के कब्जे से स्कॉर्पियो, अवैध तमंचे, कारतूस और 1700 रुपये नकद के साथ दो मोबाइल बरामद हुए हैं।




