पाकिस्तान की दुनिया के सामने इज्जत बचाने की चुनौती, चीन का भी डर

मुनीर सेना की नाकामी और बीएलए की बढ़ती ताकत...

इस्लामाबाद/एजेंसी। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में विद्रोह और अशांति लंबे समय से रही है लेकिन हालिया समय में ये काफी ज्यादा बढ़ गया है। खासतौर से बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक करने और नोशकी में सैन्य काफिले पर हमले ने पाकिस्तान की अंदरूनी कमजोरी, आतंकवाद विरोधी रणनीतियों की नाकामी और बलूचिस्तान में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के भूराजनीतिक प्रभावों को उजागर किया है। एक्सपर्ट का मानना है कि जाफर एक्सप्रेस की इस घटना ने पाकिस्तान की सुरक्षा स्थिति की पोल खोल दी है। इससे दुनिया के सामने भी पाक की छवि को धक्का लगा है।फर्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, जाफर एक्सप्रेस की हाईजैकिंग और इसके बाद चला ऑपरेशन पाकिस्तान की खुफिया जानकारी में कमी और दूरदर्शिता में पिछड़ने को दिखाता है। दूसरे देशों में बंधक बचाव अभियान बहुत तेजी और सटीकता से किए जाते हैं लेकिन पाकिस्तान की प्रतिक्रिया बहुत धीमी थी। वहीं बीएलए ने योजनाबद्ध और समन्वित तरीके से हमला किया। बीएलए की बड़े पैमाने पर हमले करने की क्षमता सीधेतौर पर पाकिस्तान की संप्रभुता को चुनौती है।
बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है और प्राकृतिक गैस का भंडार हैं। इस प्रांत की अरब सागर तक रणनीतिक पहुंच है। इसके बावजूद यह पाक का सबसे कम विकसित क्षेत्र है। पाकिस्तान की सरकार बलूचिस्तान का विकास करने और यहां के लोगों को राजनीतिक या आर्थिक रूप से साथ लाने में नाकाम रही है। मानवाधिकारों के उल्लंघन और सैन्य दमन ने विद्रोह को बढ़ाया है और इस क्षेत्र को दक्षिण एशिया के सबसे जटिल संघर्षों में से एक बना दिया है।
बलूचिस्तान में बीएलए का जाफर एक्सप्रेस पर हमले का असर सिर्फ पाकिस्तान की अंदरूनी सुरक्षा पर ही नहीं बल्कि चीन पर भी असर डालता है। चीन ने सीपीईसी के तहत इस क्षेत्र में बड़ा निवेश किया है। यह निवेश बलूचिस्तान की स्थिरता पर निर्भर करता है। ग्वादर बंदरगाह को चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव का केंद्र माना जाता है। बलूच विद्रोहियों ने इस पर कई बार हमले किए हैं। ऐसे में पाकिस्तान के लिए ये मुद्दा वैश्विक स्तर पर इज्जत का भी सवाल बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button