योगी सरकार ने पुलिसकर्मियों के तीन भत्ते बढ़ाए, मोटरसाइकिल और मोबाइल भत्ते में वृद्धि
सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस के कर्मियों के भत्तों में वृद्धि का ऐलान किया है। पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल भत्ता अब 1000 रुपये मिलेगा।

लखनऊ,एजेंसी। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिसकर्मियों को तीन भत्तों में वृद्धि की सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोटरसाइकिल भत्ता 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिमाह और सिम-मोबाइल भत्ता 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये करने की घोषणा की। वहीं, पीपीएस अधिकारियों को पांच वर्ष में मिलने वाला भत्ता 6,400 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस बल को बेहतर सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में पुलिस बल को मजबूत करने के साथ पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए भी कदम उठाए गए हैं। पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के लिए पांच लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य उपचार की व्यवस्था तथा प्रशिक्षण क्षमता में वृद्धि का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी अपराध और माफिया के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ गरीबों, पीड़ितों, व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य उन्हें बेहतर सुविधाएं देकर कर्तव्यों के निर्वहन में और सक्षम बनाना है।




