दिल्ली की बसों में बिना टिकट यात्रियों की खैर नहीं, महिलाओं पर भी लग रहा जुर्माना

डीटीसी ने सड़कों पर उतारी स्पेशल फौज

पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने अपने चेकिंग स्टाफ में बढ़ोतरी की है। इसके चलते इन दिनों हर तीसरे-चौथे बस स्टैंड पर टिकट चेकर खड़े नजर आ रहे हैं। कई बार तो ऐसा भी देखने को मिलता है कि यात्रियों से ज्यादा टिकट चेकर स्टाफ की संख्या होती है। वह डीटीसी और क्लस्टर बसों में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों को पकड़कर जुर्माना लगा रहे हैं। इससे एक तरफ जहां बेटिकट यात्रा पर लगाम लग रही है, वहीं दूसरी तरफ राजस्व में भी बढ़ोतरी हो रही है। जगह-जगह टिकट चेकर खड़े होने से यात्री अब खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। दिल्ली की डीटीसी और क्लस्टर बसों की बात करें तो पहले बहुत से लोग बिना टिकट के सफर करते थे। कंडक्टर के कहने पर भी वह टिकट नहीं खरीदते थे। इसी तरह स्कूली छात्र भी टिकट खरीदने से बचते थे। पिछले कुछ दिनों से ज्यादातर बस स्टैंड पर पांच से छह टिकट चेकर बस स्टॉप पर खड़े मिल जाते हैं। वह बस से उतरने वालों की टिकट चेक करते हैं और जिनके पास टिकट नहीं होता, उन पर मौके पर ही जुर्माना लगाते हैं। इसके बाद वे बस में चढ़ते हैं और बस में बैठे यात्रियों की टिकट चेक करते हैं। इन टिकट चेकरों में डीटीसी के अधिकारियों के साथ-साथ कर्मचारी भी शामिल होते हैं।
डीटीसी अधिकारी ने बताया कि डीटीसी बसों की संख्या दिन-प्रतिदिन कम होती जा रही है। इस कारण बस चालक, कंडक्टर और अधिकारी बस डिपो तो पहुंच रहे थे, लेकिन काम नहीं कर पा रहे थे। इसे देखते हुए जिन बस चालकों, कंडक्टरों और अधिकारियों के पास कोई काम नहीं था, उन्हें टिकट चेकरों के साथ ड्यूटी पर लगाया जा रहा है। इससे फायदा भी हो रहा है। हर बस स्टैंड पर रोजाना कम से कम दस लोग बिना टिकट यात्रा करते पकड़े जा रहे हैं। नियमित टिकट चेकिंग के कारण बिना टिकट यात्रा करने वालों की संख्या में काफी कमी आई है। साथ ही डीटीसी की आय में भी इजाफा हुआ है।
दिल्ली की बसों में महिलाओं के लिए मुफ़्त यात्रा योजना है। इसके तहत दिल्ली की डीटीसी और क्लस्टर बसों में महिलाएं मुफ़्त यात्रा कर सकती हैं। लेकिन उन्हें पास लेना होगा। बसों में कई ऐसी महिलाएं चढ़ जाती हैं जो कंडक्टर से महिलाओं के लिए बने पास नहीं लेती हैं। जब इन महिलाओं के पास चेक किए जाते हैं तो उन महिलाओं पर जुर्माना भी लगाया जाता है जिनके पास यह पास नहीं होता।
पुलिस लाइन से पश्चिम विहार तक यात्रा कर रहे जितेंद्र राणा ने कहा कि जगह-जगह चेकिंग स्टाफ की मौजूदगी बहुत ही सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक रूट पर चेकिंग नहीं हो रही है। दिल्ली में गांव से लेकर शहर तक हर जगह चेकिंग हो रही है। चेकिंग स्टाफ की मौजूदगी की वजह से जेबकतरे बसों में नहीं चढ़ रहे हैं। अगर कोई बस में चढ़ भी जाता है तो उसे बिना टिकट यात्रा करने के आरोप में पकड़ा जा रहा है। इससे अपराध भी कम हो रहे हैं और यात्री भी सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उत्तम नगर से बुराड़ी जा रहे सतबीर ने बताया कि अब हर बस स्टैंड पर चेकिंग हो रही है। ऐसे में जो लोग पहले टिकट नहीं खरीदते थे, वे भी टिकट खरीद रहे हैं। पहले टिकट न लेने से उन्हें राजस्व का नुकसान हो रहा था। अब राजस्व बढ़ रहा है। जब दिल्ली परिवहन विभाग का राजस्व बढ़ेगा, तो इसका लाभ यात्रियों को ही मिलेगा। उन्हें ज्यादा सुविधाएं मिलेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button