दिल्ली के गोकुलपुरी में खाली प्लॉट दिखाकर 35 लाख का की ठगी

फर्जी परिवार ने 100 गज का प्लॉट दिखाकर दिया धोखा

उत्तर पूर्वी दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में एक फर्जी फैमिली ने 100 गज का प्लॉट दिखाकर 35 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने रजिस्ट्री के लिए तय दिन से एक दिन पहले कॉल किया तो फोन बंद मिला। लिहाजा फैमिली के बताए घर और ऑफिस के एड्रेस पर गए, जहां पता चला कि उस नाम का कोई भी शख्स वहां नहीं रहता है। इससे पीड़ित को ठगी का अहसास हो गया। लिहाजा उन्होंने गोकुलपुरी थाने में शिकायत दी। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
संजय कुमार (28) परिवार के साथ गोकुलपुरी इलाके में रहते हैं। वह काफी दिन से एक प्लॉट खरीदना चाह रहे थे। इसी सिलसिले में गंगा विहार स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में गए। डीलर ने उन्हें खुद को पति-पत्नी बताने वाले एक महिला और एक पुरुष के अलावा एक तीसरे शख्स से मिलाया। दावा किया कि प्लॉट महिला के नाम पर है, जो विश्वास नगर इलाके में रहती है। तीनों उन्हें गंगा विहार स्थित 100 गज का प्लॉट दिखाने अपने साथ ले गए, जो खाली था और सिर्फ बाउंड्री की गई थी। प्लॉट पसंद आ गया और सौदा तय कर लिया।
पीड़ित का दावा है कि उन्होंने बयाने के तौर पर 25 लाख रुपये कैश और 10 लाख रुपये का चेक दिया। रजिस्ट्री के लिए 4 दिसंबर 2024 का दिन फिक्स किया गया। एक दिन पहले यानी 3 दिसंबर को तीनों आरोपियों के नंबर पर कॉल किए गए, जो बंद मिले। वह अपने भाई को साथ लेकर महिला के विश्वास नगर के बताए एड्रेस पर गई, जो पता ही नहीं मिला। महिला ने दरियागंज स्थित आसफ अली रोड में अपना ऑफिस बताया था, जहां पहुंचने पर पता चला कि उस नाम की कोई भी महिला वहां काम ही नहीं करती है।
इससे उन्हें अपने साथ ठगी का अहसास हो गया, लिहाजा गोकुलपुरी थाने पहुंचकर फ्रॉड की शिकायत दी। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि फ्रॉड करने वाली कथित फैमिली ने किसी अन्य शख्स का खाली प्लॉट दिखाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, टेक्निकल सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस के जरिए आरोपियों की खोजबीन चल रही है। जांच के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके जरिए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button