सीएम हेल्पलाइन से 70 पर्सेंट शिकायतकर्ता असंतुष्ट
कई जिलों के डीएम-एसपी पर हो सकती है कार्रवाई, योगी नाराज

लखनऊ/एजेंसी। यूपी सीएम हेल्पलाइन और इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रेड्रेसल सिस्टम (आईजीआरएस) पर आई शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश के बाद भी कई जिलों के डीएम-एसपी लापरवाही कर रहे हैं। शिकायतों की समीक्षा में कुछ जिलों में 70% से अधिक शिकायकर्ताओं ने असंतुष्टि जाहिर की है। इन जिलों के अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई है। जवाब के आधार पर इन पर कार्रवाई भी की जा सकती है।सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुछ दिन पहले एक उच्च स्तरीय बैठक में IGRS, सीएम हेल्पलाइन और संपूर्ण समाधान दिवस की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने लापरवाह अधिकारियों की रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने इसकी समीक्षा की। इसमें एक से 25 सितंबर तक आई शिकायतों को आधार बनाया गया।
समीक्षा में पाया गया कि देवरिया, भदोही, गोंडा, ललितपुर, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, आजमगढ़ और मीरजापुर में शिकायतों के निस्तारण का स्तर ठीक नहीं है। 70% से अधिक शिकायतकर्ताओं ने अपनी शिकायत के निस्तारण के फीडबैक में असंतोष जाहिर किया है। मुख्य सचिव ने इन जिलों के डीएम, एसएसपी, एसपी को फटकार लगाते हुए इसमें सुधार करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट सीएम को भी सौंपी जाएगी।
प्रदेश के कुछ जिलों का अगस्त, सितंबर में आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निस्तारण करने में अच्छा प्रदर्शन रहा है। अगस्त में औरैया, लखीमपुर खीरी और लखनऊ बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल रहे। सितंबर में औरैया, लखीमपुर खीरी, मेरठ, सहारनपुर और गोरखपुर में शिकायतों के निस्तारण का स्तर ठीक मिला है।




