बाढ़, भूस्खलन और तबाही का मंजर… चीन में आफत की बारिश से अब तक 20 की मौत, 331 घायल

मध्य चीन के हुबेई प्रांत में भीषण आंधी-तूफान ने आठ लोगों की जान ले ली है, जबकि देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

बीजिंग/एजेंसी। चीन में पिछले 24 घंटों में बाढ़, तूफानी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 331 अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बाढ़ आपातकालीन बचाव, आपदा राहत और घायलों के उपचार के लिए सभी प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को उत्तर-पश्चिम चीन के गांसू प्रांत के एक कस्बे में एक भूस्खलन में पांच लोग मारे गए। कुल 33 लोग मलबे के नीचे दब गए थे।
बचावकर्मियों ने कहा कि 21 लोगों को निकाला गया, लेकिन उनमें से पांच की उपचार के बावजूद मौत हो गई है। अन्य 12 लापता लोगों के लिए व्यापक खोज और बचाव अभियान जारी है। इस बीच प्रांतीय आपातकालीन प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार सोमवार रात को हुबेई प्रांत के पूर्वी हिस्से में टोर्नेडो, गरज और उच्च गति की हवाओं ने कहर बरपाया, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता है। इस खराब मौसम में कम से कम 331 लोग घायल हुए।
400 से अधिक निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर सुरक्षित पहुंचाया गया है। तेज बारिश और तूफान ने 22 इमारतों को नष्ट कर दिया और अन्य 4,855 को नुकसान पहुंचाया है। एक अलग घटना में रिकार्ड तोड़ बारिश और उसके बाद आई बाढ़ के कारण दक्षिण चीन के गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र की राजधानी नानिंग में चार लोग मारे गए और आठ अन्य लापता हैं।
आपदा से 93,300 से अधिक लोग प्रभावित हुए और 54,460 लोगों को टायफून मेसाक के कारण आई मूसलधार बारिश के चलते सुरक्षित निकाला गया। राष्ट्रपति शी ने निगरानी, पूर्व चेतावनी, और आपातकालीन तैयारी और प्रतिक्रिया को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया और लोगों की जान और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपदा रोकथाम और राहत कार्य में ठोस प्रयासों की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button