डस्टबिन के नाम पर भी कर दिया घोटाला: राजस्थान में आबूरोड नगर पालिका के तत्कालीन ईओ रामकिशोर निलंबित
राजस्थान के सिरोही में करप्शन से जुड़े मामले का खुलासा हुआ है। यहां डिस्टबिन के नाम पर भ्रष्टाचार कए जाने का मामला सामने आया है। मामले में अधिशासी अधिकारी (ईओ) रामकिशोर को सस्पेंड किया गया है।

सिरोही/राजस्थान। जिले की आबूरोड नगर पालिका में कचरा पात्र (डस्टबिन) खरीद में कथित अनियमितताओं के मामले में स्वायत्त शासन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) रामकिशोर को निलंबित कर दिया है। वर्तमान में रामकिशोर नगर पालिका पीपाड़ सिटी में अधिशासी अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, आबूरोड नगर पालिका में डस्टबिन खरीद प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायतों के बाद विभागीय जांच कराई गई थी। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई।
इसी क्रम में राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के प्रावधानों के तहत रामकिशोर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक द्वारा 7 जुलाई को जारी आदेश में यह कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान रामकिशोर का मुख्यालय स्थानीय निकाय निदेशालय, जयपुर निर्धारित किया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच अभी जारी रहेगी और दोष सिद्ध होने पर आगे और कड़ी कार्रवाई संभव है।
इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका आबूरोड सहित प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग भी उठने लगी है।
प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक धन के उपयोग में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




