कंबल ओढ़कर एटीएम तोड़ने पहुंचा था शातिर चोर, केबिन की ‘तीसरी आंख’ ने सब कुछ बता दिया
The cunning thief had come to break the ATM wearing a blanket, the cabin's 'third eye' told everything

शिवपुरी/मध्य प्रदेश। जिले में एटीएम तोड़कर चोरी करने के प्रयास का अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक चोर कंबल ओढ़कर एटीएम केबिन में घुसा था। उसने एटीएम को तोड़कर पैसे निकालने का प्रयास किया। उसे क्या पता था कि वह जो कर रहा है सीसीटीवी में कैमरे में कैद हो रहा है। पुलिस ने उसी को देखकर चोर को पकड़ लिया है।
दरअसल, शिवपुरी के नरवर थाना क्षेत्र के मगरौनी चौकी अंतर्गत नीलगर चौराहे पर एक एटीएम है। पुलिस ने बताया कि 4-5 फरवरी की रात एक व्यक्ति लाल कंबल ओढ़कर और मुंह ढक कर एटीएम में घुसा था। उसने एटीएम को तोड़कर पैसे चुराने का प्रयास किया। एटीएम कंपनी के जनरल ऑपरेटर मैनेजर शिवकुमार सिहं परमार पुत्र घनश्याम सिहं परमार उम्र 37 वर्ष निवासी शताब्दी पुरम ग्वालियर ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ा है। पुलिस आरोपी गोपाल उर्फ घुर्रा कुशवाह निवासी निजामपुर से पूछताछ की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने बताया कि एटीएम को तोड़ने के मामले में आरोपी वहां से पैसे निकालने में कामयाब नहीं हो पाया था। इस मामले में आरोपी को पकड़ने के बाद करैरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे करैरा उप जेल भेज दिया गया है। बता दें कि इसके पहले भी कई बार एटीएम में घुसकर चोरी करने का प्रयास चोरों ने किया है, लेकिन इस बार ठंड का फायदा उठाकर कंबल ओढ़कर एटीएम चोरी करने का मामला अनोखा है।




