छत्तीसगढ़ राज्य के पहले नेशनल हाईवे सुरंग का काम पूरा
2.79 किमी लंबी है टनल, तीन राज्यों के लोगों को मिलेगा इसका फायदा

रायपुर/एजेंसी। छत्तीसगढ़ ने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सिर्फ 12 महीनों में राज्य की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग (लेफ्ट हैंड साइड) का निर्माण कर लिया है। इंजीनियरिंग की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ आमजन के जीवन और राज्य के आर्थिक विकास को नई दिशा देने वाला है। इस सुरंग के निर्माण से विशाखापट्टनम की दूरी कम होगी।
2.79 किलोमीटर लंबी यह टनल रायपुर–विशाखापट्टनम आर्थिक गलियारे का हिस्सा है, जिसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अभनपुर परियोजना कार्यान्वयन इकाई द्वारा निर्मित किया जा रहा है। यह ट्विन ट्यूब टनल जब पूरी तरह तैयार होगी, तो रायपुर से विशाखापट्टनम तक यात्रा का समय काफी कम होगा, व्यापार एवं उद्योग को गति मिलेगी और छत्तीसगढ़, ओडिशा तथा आंध्र प्रदेश के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह टनल समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क एवं परिवहन अधोसंरचना का विकास प्रदेश की प्रगति की रीढ़ है। इस टनल से छत्तीसगढ़ में पर्यटन और सामाजिक आर्थिक जुड़ाव के नए अवसर भी खुलेंगे।
उन्होंने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम को इस उपलब्धि के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन के अनुरूप यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए भी विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।
अधिकारियों ने बताया कि इस सुरंग के निर्माण से छत्तीसगढ़ के साथ-साथ तीन राज्य के लोगों को फायदा मिलेगा। अधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच संपर्क और मजबूत होगा। पर्यटन और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। अधिकारियों मे कहा कि कारीगरों की कड़ी मेहनत के कारण यह काम संभव हो पाया है।




