गोरखपुर में 75 साल की विधवा महिला से दो युवकों ने किया गैंगरेप

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर स्थित एक गांव में बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 75 वर्षीय विधवा के साथ गांव के दो युवकों ने गैंगरेप किया। मामला शुक्रवार-शनिवार की रात का है, जब घर के बाहर बनी झोपड़ी में महिला सो रही थी। महिला की तहरीर पर चौरीचौरा पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना चौरी चौरा थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
जानकारी के मुताबिक 75 वर्षीय महिला के पति की मौत हो चुकी है। वह अकेली रहती है। वह खेत में झोपड़ी बनाकर अपने खेत की रखवाली भी करती है। ऐसे में गांव के ही दो युवक झिनक और रघुवंशी मौका देखकर रात में वृद्ध महिला की झोपड़ी पर पहुंचे। महिला ने शोर मचाने की कोशिश की तो दोनों युवकों ने उसका मुंह बंद कर दिया। दोनों ने महिला के साथ गैंगरेप किया और मौके से फरार हो गए। महिला ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
ग्रामीणों के सहयोग से शनिवार को महिला चौरीचौरा थाने पहुंची और नामजद तहरीर देकर दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। घटना को लेकर ग्रामीणों में बेहद रोष है। लोग आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। घटना के बारे में चौरीचौरा थाना प्रभारी का कहना है कि महिला की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों युवक फरार है, उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।




