मुंबई में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स मेट्रो स्टेशन में लगी आग, ट्रेन सेवाएं ठप, लोग परेशान

Fire breaks out at Bandra Kurla Complex metro station in Mumbai, train services halted, people troubled

मुंबई/एजेंसी। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) मेट्रो स्टेशन के बेसमेंट में शुक्रवार को आग लग गई। इसके चलते ट्रेन सेवाएं निलंबित कर दी गईं। अधिकारियों के अनुसार, आग दोपहर करीब 1.10 बजे लगी। आग स्टेशन के अंदर 40-50 फुट की गहराई पर लकड़ी की चादरों, फर्नीचर और निर्माण सामग्री तक ही सीमित रही। इससे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया। नगर निकाय के एक अधिकारी ने कहा कि आग से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए आठ दमकल गाड़ियां और अन्य अग्निशमन वाहन मौके पर मौजूद हैं। हालांकि बीकेसी स्टेशन पर ट्रेन सेवाएं दोपहर 2:45 बजे तक पूरी तरह से बहाल कर दी गई।
बीकेसी मेट्रो स्टेशन मुंबई मेट्रो रेल निगम के तहत आरे जेवीएलआर और बीकेसी के बीच 12.69 किलोमीटर लंबे (मुंबई मेट्रो 3) या एक्वा लाइन कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसका उद्घाटन पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। मुंबई मेट्रो 3 ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में कहा कि प्रवेश/निकास ए4 के बाहर आग लगने के कारण बीकेसी स्टेशन पर यात्री सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। इससे स्टेशन में धुआं भर गया। दमकल विभाग कार्य पर है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए हमने सेवाएं रोक दी हैं। एमएमआरसी और डीएमआरसी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं। कृपया वैकल्पिक मेट्रो सेवा के लिए बांद्रा कॉलोनी स्टेशन जाएं। आपके सहयोग के लिए धन्यवाद।
मुंबई मेट्रो 3 ने एक पोस्ट में कहा कि बीकेसी मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन सेवाएं 14.45 बजे पूरी तरह से बहाल कर दी गई हैं। हमें हुई असुविधा के लिए ईमानदारी से खेद है और सभी यात्रियों को उनके धैर्य और समझदारी के लिए धन्यवाद देते हैं। आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुंबई मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, आग ए4 के प्रवेश और निकास द्वार के पास लगी, जिससे स्टेशन के प्रवेश द्वार पर धुआं उठने लगा। सूचना मिलने पर दमकलकर्मियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया और आग बुझाने का काम किया। शुक्र है कि इस घटना के संबंध में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button