सरदार लुक में दिखे अखिलेश यादव, किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को किया सम्मानित
अखिलेश के सामने लांच हुआ पंजाबी गाना, सिख मंत्री बनाने का भी दावा

लखनऊ/एजेंसी। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारीजन को सम्मानित किया। कार्यकम सपा मुख्यालय में आयोजित किया गया। इस दौरान सपा मुखिया साफा पहनकर सरदार लुक में नजर आए। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि लाल पगड़ी खुशी के प्रतीक के रूप में पहनाई जाती है। अब खुशी आने वाली है, क्योंकि सपा सरकार बनने वाली है। नेपाल में हुए तख्तापलट की घटना पर कहा कि यदि वोट की डकैती होगी, तो पड़ोसी देश की तरह यूपी की जनता भी सड़क पर उतर जाएगी। यहां बाबा ने कब्जा कर रखा है। चुनाव आयोग भाजपा का जुगाड़ आयोग नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या के चुनाव में 5000 लोग बाहर से लाए गए थे। इसी तरह वोट की चोरी होती रही तो पड़ोसी देश में जो जनता करती दिख रही है, हो सकता है कि वह यहां भी करती दिखाई दे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा, भाजपा वालों के पास काम नहीं है। अंदर से ये लोग खोखले हो गए हैं। ये वो लोग हैं जो जनता को अपना काम नहीं बता पा रहे हैं। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस से पहले सिख समाज के लोगों ने अखिलेश को कार्यक्रम के दौरान लाल पगड़ी पहनाई। अखिलेश यादव ने लाल पगड़ी को खुशहाली का प्रतीक बताते हुए कहा कि अब यह सरकार जाने वाली है। उन्होंने खीरी में किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों के परिजनों को सम्मानित किया। वहीं सिख समाज ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की थीम पर पंजाबी में बनाए गए प्रचार गीत को सपा के लिए लॉन्च किया। 20 सेकेंड के इस गाने में अखिलेश को यादव का शेरा और मुलायम का लाल बताया जा रहा है। यही नहीं गाने में अखिलेश को यूपी का नेता बताया जा रहा है। इसके बाद अखिलेश यादव ने 2027 के चुनाव को लेकर एक बड़ा दावा भी कर दिया। उन्होंने कहा आने वाले समय में सपा सरकार बनती है तो कैबिनेट में सिख समाज का मंत्री भी होगा जिससे सिख समाज के हित और सुरक्षित होंगे।
सिख समाज के लोगों के साथ प्रेस कान्फ्रेंस कर रहे अखिलेश यादव ने कहा, जितना भरोसा आपको है कि भाजपा की सरकार नहीं बनेगी, उससे ज्यादा भरोसा सिख समाज पर सपा को है। हमारे सदन के लोग जानते हैं, अगर सदन के मेम्बर भी नहीं है फिर भी सिख समाज से कैबिनेट में शपथ ले सकता है। अगर ये किसी ने करके दिखाया तो नेता जी समाजवादी पार्टी ने करके दिखाया है। 2027 के चुनाव को लेकर अखिलेश ने सिख समाज को लेकर साफ कहा कि भविष्य में सरकार बनेगी तो इनकी भागीदारी, इनकी भूमिका, इनका सहयोग दिखाई देगा। यानी सिख समाज के लोगों को कैबिनेट में जगह मिलेगी। इसलिए जितना भरोसा आपको कि सरकार जाने वाली है उतना ही भरोसा हमारे सिख भाइयों को है कि सरकार बनेगी तो उन्हें हर स्तर पर सम्मान देने का काम किया जाएगा। भाजपा पर तंज करते हुए अखिलेश बोले-सोना खरीद लो, दिवाली तक दो लाख रुपये का होने जा रहा है। मुनाफा कमाओ क्यों महंगाई की बुराई कर रहे हो। भाजपा की तरह काम करो। महंगाई मत बोलिए, मुनाफा बोलिए। भाजपा की तरह चलो। महंगाई से उन्हें लेना-देना नहीं है, आपकेा समपने दिखाएंगे के मुनाफे के। आप दिवाली तक और सोना खरीद लो। एक बात सुनने में आई है कि कोई सोना बहुत इकट्ठा कर रहा है।




