कानपुर के मामा-भांजे वेज रेस्टोरेंट में वेज के नाम पर नॉनवेज परोसने का आरोप, बजरंग दल ने मचाया हंगामा
Kanpur's uncle-nephew veg restaurant accused of serving non-veg in the name of veg, Bajrang Dal created a ruckus

कानपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के कानपुर में मामा-भांजे वेज रेस्टोरेंट चला रहे मुबीना अहमद पर वेज के नाम पर नॉनवेज परोसने का आरोप लगा है। बुधवार देर रात इस बात को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने जांच के लिए खाने के सैंपल लिए हैं। बजरंग दल के सह जिला संयोजक का दावा है कि रेस्टोरेंट में काम कर चुके युवक ने जानकारी दी है कि मुबीना अहमद माथे में तिलक लगाता है और अपनी धार्मिक पहचान छिपाता है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में संचालकों का नाम लिखने के निर्देश दिए हैं। किदवई नगर चौराहे के पास चार साल पहले मामा-भांजे के नाम से रेस्टोरेंट खुला था। यहां का कबाब पराठा और वेज बिरयानी मशहूर है। हिंदू बाहुल क्षेत्र होने की वजह से दिनभर भीड़ लगी रहती है। खाने वालों में भी अधिकांश हिंदू होते हैं।
बुधवार रात बजरंग दल के दक्षिण जिला के सह संयोजक विशाल बजरंगी कार्यकर्ताओं को लेकर पहुंचे। इसके बाद वेज के नाम पर नॉनवेज परोसने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। इस दौरान रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारी भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर कार्यकर्ताओं को शांत कराया। जिला सह संयोजक विशाल बजरंगी ने बताया कि काफी समय से यहां पर गड़बड़ी होने की जानकारी मिल रही थी।
विशाल बजरंगी ने बताया कि इस रेस्टोरेंट में उन्होंने अपने कार्यकर्ता छोटू वर्मा को काम के बहाने भेजा गया था। छोटू ने यहां काम किया और जानकारी दी कि यहां पर शाकाहार के नाम पर मांसाहार परोसा जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ यह बात सामने आ रही है कि छोटू को नौकरी से निकाला गया था, इसलिए उसने आरोप लगाए हैं।




