मथुरा में फर्जी ईडी अधिकारी का छापा,सर्च वारंट दिखाकर तलाशी की कोशिश
Fake ED officer raids Mathura, tries to search using search warrant

मथुरा/उत्तर प्रदेश। मथुरा में ‘स्पेशल 26’ को दोहराने की तैयारी थी। हालांकि, इसमें फर्जी अधिकारियों को सफलता नहीं मिल पाई। दरअसल, बॉलीवुड फिल्म ‘स्पेशल 26’ में एक्टर अक्षय कुमार और अनुपम खेर मिलकर लूट की योजना बनाते हैं। फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर घटना को अंजाम देते हैं। कुछ इसी प्रकार से मथुरा में ईडी अधिकारी बनकर लूट की घटना को अंजाम देने की योजना चार बदमाशों ने बनाई। ये फर्जी अधिकारी एक व्यापारी के घर में घुसे। पहले तो व्यापारी भी डर गए। लेकिन, जल्द ही उन्हें कुछ गड़बड़ी का अहसास हुआ। पड़ोसियों को बुलाने के लिए आवाज लगाना शुरू किया। घबराए फर्जी अधिकारी व्यापारी को छोड़ फरार हो गए। इस प्रकार उन्हें अपने मंसूबे पूरे करने में कामयाबी नहीं मिल पाई।
मथुरा में फर्जी ईडी अफसर बनकर छापेमारी का मामला गरमा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दरअसल, मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र की राधा ऑर्चिड कॉलोनी में एक व्यापारी को लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। तीन पुरुष और एक महिला ईडी अधिकारी के रूप में अश्विनी अग्रवाल के यहां पहुंचे। अश्विनी अग्रवाल के व्यापार में गड़बड़ी का आरोप लगाकर उन्होंने जांच की बात कही। अब यह सनसनीखेज घटना चर्चा का विषय बन गई है।
व्यापारी अश्विनी अग्रवाल के घर में घुसते ही चारों आरोपियों ने सबकुछ अपने कंट्रोल में लेने की कोशिश की। व्यापारी के सामने सर्च वारंट रखा। इसके बाद तलाशी अभियान को शुरू किया गया। पहले तो व्यापारी ने उन फर्जी अधिकारियों के निर्देश पर काम किया। धीरे-धीरे उन्हें गड़बड़ी का शक होने लगा। उन्होंने तुरंत अपने पड़ोसियों को घर पर बुला लिया। मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके घर पर जमा हो गए।
अश्विनी अग्रवाल के बुलाने पर जब काफी लोग जुट गए तो फर्जी अधिकारियों को खतरे का अहसास हुआ। वे वहां से भाग निकले। घटना में शामिल चारों लोग कॉलोनी के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि कुछ लोग ईडी अधिकारी बनकर व्यापारी के घर आए थे। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर इन फर्जी अधिकारियों की तलाश कर रही है।




