एमसीडी में भी बीजेपी सरकार, राजा इकबाल सिंह बने दिल्ली के नए मेयर
BJP government in MCD too, Raja Iqbal Singh becomes the new mayor of Delhi

- बीजेपी ने एमसीडी में फिर से मेयर पद जीता, राजा इकबाल सिंह बने मेयर
- कांग्रेस के उम्मीदवार को सिर्फ आठ वोट मिले, आप ने चुनाव का बहिष्कार किया
- बीजेपी के पास अब 117 पार्षद, कांग्रेस के पास केवल आठ सीटें बची
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम को नया मेयर मिल चुका है। इस बार एमसीडी में भी बीजेपी ने बाजी मार ली है। बीजेपी के पार्षद राजा इकबाल सिंह दिल्ली के नए मेयर बन चुके हैं। मेयर चुनाव में उन्हें 133 वोट मिले, वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार मनदीप को सिर्फ आठ वोट मिले। आम आदमी पार्टी ने मेयर चुनाव का बहिष्कार किया था और अपना उम्मीदवार भी नहीं बनाया।
बीजेपी दो साल बाद एक बार फिर से एमसीडी की सत्ता पर कब्जा जमाने में कामयाब रही। बीजेपी ने राजा इकबाल सिंह को मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया था। चुनाव जीतने से पहले उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों ने उनकी पार्टी को शहर की समस्याओं को ठीक करने की जिम्मेदारी सौंपी है। सिंह ने कहा कि महापौर चुने जाने के बाद स्थायी समितियों के चुनाव तुरंत कराए जाएंगे।
51 साल के राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से बीएससी और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से एलएलबी की पढ़ाई की है। वे मूल रूप से शिरोमणी अकाली दल के नेता थे और सितंबर 2020 में अकाली दल से बीजेपी में शामिल हुए। अकाली दल ने केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध में एनडीए से समर्थन वापस लिया था, जिसके बाद सिंह ने पार्टी के निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया और बीजेपी में चले गए।
वे 2021 में उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर रह चुके हैं। 2020 तक वे उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सिविल लाइंस जोन के प्रमुख थे। अब तक वो एमसीडी में विपक्ष के नेता थे। सिंह दिल्ली के जीटीबी नगर और मुखर्जी नगर से पार्षद रह चुके हैं।
एमसीडी में फिलहाल 238 पार्षद हैं और 11 सीट दिल्ली विधानसभा और एक सीट लोकसभा के लिए पार्षदों के निर्वाचित होने के कारण खाली हुई हैं। भाजपा के पास कुल 250 में से अब 117 पार्षद हैं, जो 2022 में 104 थे। वहीं आप के पार्षदों की संख्या 134 से घटकर 113 हो गई है। कांग्रेस के पास सिर्फ आठ सीट हैं। मेयर चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में 238 पार्षद, 10 सांसद (लोकसभा से सात और राज्यसभा से तीन) और 14 विधायक शामिल हैं। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भाजपा के 11 और आप के तीन विधायकों को निर्वाचक के रूप में नामित किया है।




