उगाही कर रहे एमपी के नारकोटिक्स इंस्पेक्टर को दबोचा, मेडिकल शॉप ऑनर से की मारपीट तो फंस गया

टोंक,(राजस्थान)। टोंक में एक मेडिकल संचालक को धमका कर चौथ वसूली करने के मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश के नारकोटिक्स इंस्पेक्टर समेत चार लोगों को दबोच लिया। यह नारकोटिक्स इंस्पेक्टर एक मेडिकल संचालक को NDPC केस में फसाने की धमकी देकर गेस्ट हाउस लेकर गया। जहां उसके साथ मारपीट कर उसका मोबाइल और पर्स छीन लिया। इस मामले की सूचना टोंक शहर के मेडिकल संचालकों को मिली। जिसको लेकर सभी एक जुट होकर मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एमपी के नारकोटिक्स इंस्पेक्टर समेत चार लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
टोंक डीएसपी सलेह मोहम्मद ने बताया कि इस मामले को लेकर टोंक के पुराने आरटीओ ऑफिस मोदी की चौकी महादेवाली निवासी मेडिकल संचालक गौरव सैनी ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसकी मेडिकल शॉप पर एक कार में सवार होकर तीन जने आए। इसमें एक जने ने स्वयं को नारकोटिक्स इंस्पेक्टर बताया। उसने गौरव को पूछताछ के लिए कृष्ण गेस्ट हाउस में चलने के लिए कहा। इस दौरान जब संचालक ने गेस्ट हाउस में जाने के लिए मना किया तो, उसे एनडीपीसी केस में फसाने की धमकी दी।
गेस्ट हाउस में मेडिकल संचालक का मोबाइल, पर्स छीनकर मारपीट की
एनडीपीसी केस में फसाने की धमकी पर मेडिकल संचालक गौरव सैनी उनके साथ गेस्ट हाउस चला गया। जहां एमपी के नारकोटिक्स इंस्पेक्टर नवरतन जाट और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसका मोबाइल और पर्स छीन लिया। मेडिकल संचालक को गेस्ट हाउस ले जाने की सूचना मिलते ही शहर के कई दुकानदार भी आक्रोशित होकर गेस्ट हाउस पहुंच गए और हंगामा खड़ा कर दिया। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल संचालक गौरव सैनी को उनके चुंगल से छुड़ाया। इस दौरान पुलिस ने नारकोटिक्स इंस्पेक्टर और उनके तीन अन्य साथियों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल संचालक को धमकाकर 50 लाख रुपए की मांग की
पीड़ित मेडिकल संचालक गौरव सैनी ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने उसे कृष्णा गेस्ट हाउस में ले जाकर मारपीट कर उसका मोबाइल और पर्स छीन लिया। इस दौरान नारकोटिक्स इंस्पेक्टर ने मेडिकल संचालक से 50 लाख रुपए देने की डिमांड की। साथ ही पैसे नहीं देने पर एनडीपीसी केस में फसाने की धमकी दी। इधर, घटना को लेकर टोंक जिला केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष मोहन आहूजा ने नारकोटिक्स विभाग की ओर से की जाने वाली चौथ वसूली को लेकर जमकर विरोध किया। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो, आंदोलन किया जाएगा।
एक दुकानदार को भी जयपुर बुलाकर धमकाया था
मेडिकल संचालक विवेक विजयवर्गीय ने बताया कि कुछ दिनों पहले भी आरोपी इंस्पेक्टर नवरतन जाट अन्य लोगों के साथ मेडिकल दुकानों की जांच करने आया था। इस दौरान कुछ कमियां पाई जाने पर उसने मेडिकल संचालकों को नोटिस दिए।इसके चलते दो दिन पहले भी नोटिस को लेकर एक मेडिकल संचालक को जयपुर बुलाकर धमकाया और चौथ वसूली (उगाही) करने का प्रयास किया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
इस मामले की जांच कर रहे टोंक डीएसपी सलेह मोहम्मद ने बताया कि मेडिकल संचालकों की शिकायत पर कार्रवाई कर चार जनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। इनमें एक व्यक्ति खुद को नारकोटिक्स का इंस्पेक्टर रतनलाल बता रहा है। जो टोंक जिले के बरौनी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और हाल में मध्य प्रदेश के नारकोटिक्स विभाग में कार्यरत है। इस दौरान गत 4 अगस्त को भी नारकोटिक्स के इंस्पेक्टर ने मेडिकल के व्यापारियों को नोटिस दिया था। पुलिस पूर्व मामले की जांच करने में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button