मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन: वसई में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, इंस्पेक्टर सस्पेंड

कांती जाधव/मुंबई ब्यूरो। मुंबई पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वसई के पेल्हर इलाके में चल रही एक ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रशीद कंपाउंड में छापा मारकर करीब 7 किलो एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स, बड़ी मात्रा में रॉ मटेरियल और केमिकल जब्त किया है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, जब्त ड्रग्स और सामग्री की कीमत लगभग 14 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस की ज़ोन-6 एंटी-नारकोटिक्स सेल और तिलक नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार, यह फैक्ट्री पूरी तरह से एमडी ड्रग्स के निर्माण के लिए तैयार की गई थी, जिसमें लैब उपकरण, रसायन और पैकिंग सामग्री भी मौजूद थी।
पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई करता था। मुंबई पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, यह फैक्ट्री लंबे समय से सक्रिय थी और स्थानीय स्तर पर इसके कई सप्लायर और एजेंट काम कर रहे थे। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और ड्रग सप्लाई चैन की जांच में जुटी है।
ड्रग्स की बरामदगी मामले में पेल्हार पुलिस के वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र वनकोटी को सस्पेंड कर दिया गया है। अब उनका एमबीवीवी पुलिस मुख्यालय नियंत्रण कक्ष में तबादला कर दिया गया है। थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर ड्रग्स बनाने वाली फैक्टी चल रही थी। इस कार्रवाई ने नशे के कारोबार से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की परतें खोल दी हैं। पुलिस उपायुक्त (जोन-6) समीर शेख ने बताया कि पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने नशीले पदार्थ की तस्करी किए जाने के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुंबई और ठाणे जिले के मीरा रोड से चार लोगों को गिरफ्तार किया। हालांकि, जांच में यह भी पता चला है कि तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड दुबई से ऑपरेट कर रहा था। मुंबई पुलिस अब दुबई में बैठे इस सरगना के कनेक्शन की जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि आरोपी ने भारत में कई जगहों पर इसी तरह की अवैध फैक्ट्रियां चला रखी हैं।




