गौ पालकों को लखनऊ नगर निगम देगा झटका,16 गुना बढ़ी रजिस्ट्रेशन फीस

लखनऊ,(उत्तर प्रदेश)। राजधानी लखनऊ में गाय पालने के लिए अब 16 गुना से ज्यादा रजिस्ट्रेशन शुल्क चुकाना होगा। साथ ही पशुओं की क्लिनिक के लिए भी पंजीकरण शुल्क चुकाना होगा। नगर निगम की कार्यकारिणी में रविवार को इन प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई। अब ये प्रस्ताव सदन में रखे जाएंगे। सदन से पारित होते ही इन्हें लागू कर दिया जाएगा। शहर में अब तक गाय पालने के लिए नगर निगम 30 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क वसूलता था, लेकिन अब गौपालकों को इसके लिए 500 रुपये चुकाने होंगे। यही नहीं, एक साल तक की बछिया-बछड़े का भी पंजीकरण करवाना होगा। पहले ऐसी बाध्यता नहीं थी। इसके साथ ही निगम कार्यकारिणी ने देसी नस्ल के डॉग की रजिस्ट्रेशन फीस 200 से बढ़ाकर 500 रुपये और विदेशी नस्ल के डॉग की रजिस्ट्रेशन फीस 500 से बढ़ाकर 1000 रुपये करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
शिकायत पर जब्त होगा डॉग
नगर निगम कार्यकारिणी में डॉग पालने वालों के लिए गाइडलाइन को भी मंजूरी दी गई है। इसके मुताबिक अगर पड़ोसी किसी व्यक्ति के घर में पले डॉग को लेकर शिकायत दर्ज करवाता है तो निगम की टीम डॉग को उठा ले जाएगी। हालांकि शिकायत करने वाले को सबूत के तौर पर विडियो, फोटो व अन्य चीजें पेश करनी होंगी। इसके अलावा मालिक अपने डॉग को खुले में नहीं छोड़ेंगे। टहलाते समय भी उसे फेस गार्ड (मज़ल) पहनाएंगे। इन नियमों का पालन न करने पर 5 हजार रुपये तक का जुर्माना वसूला जाएगा।
एक परिवार में दो ही डॉग
कार्यकारिणी से पास हुए प्रस्ताव के मुताबिक अब एक परिवार दो से ज्यादा डॉग नहीं पाल सकेगा। इसका उल्लंघन करने पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। वहीं, रजिस्ट्रेशन करवाते वक्त डॉग के पट्टे पर एक चिप भी लगाई जाएगी। इसमें मालिक का नाम-पता, कुत्ते की नस्ल व रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारी होगी।
रजिस्ट्रेशन रेट (सालाना)

  • पेट्स क्लिनिक- 5,000
  • पेट्स ब्रीडिंग सेंटर (अधिकतम 3बेड)- 10,000
  • पेट्स ब्रीडिंग सेंटर (अधिकतम 5 बेड)- 15,000
  • पेट शॉप- 10,000
  • पेट स्टोर- 10,000
  • वेटनरी डायग्नोस्टिक लैब- 10,000
  • पेट क्लिनिक/स्टोर- 10,000
  • पेट क्लिनिक/ स्टोर/ डायग्नोस्टिक लैब- 20,000
  • पेट क्रेच- 10,000

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button