लखनऊ में टप्पेबाजी और चोरी करने वाले महिला गिरोह का पर्दाफाश, 14 गिरफ्तार

लखनऊ/एजेंसी। यूपी की राजधानी के विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस गिरोह की 13 महिलाओं, एक पुरुष और एक बाल अपचारी को पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी, मोहनलालगंज और पीजीआई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा गैंग के अन्य सदस्यों पर अंबेडकर नगर, रायबरेली और लखनऊ में भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह में शामिल सभी महिलाएं पहले रेकी करती थीं और फिर अपने टारगेट को निशाना बनाती थीं। कुछ दिन पहले मोहनलालगंज में पीजीआई कर्मी की पत्नी की चेन गायब हो गई थी, जिसका मुकदमा मोहनलालगंज थाने में मुकदमा किया गया था। इसी तरह, 10 अप्रैल को समा मऊ के पास एक टैक्सी में बैठी महिला का ध्यान भटकाकर उनकी चेन चोरी कर ली गई थी, जिसका मुकदमा सुशांत गोल्फ सिटी थाने में पंजीकृत है।
होटल में ठहरकर देती थीं घटना को अंजाम
पुलिस ने बताया कि लगातार घटनाओं को अंजाम देने के बाद ये महिलाएं लखनऊ के होटलों में ठहरती थीं और दिन के समय अपनी कार से घूम-घूमकर रेकी करती थीं। आरोपियों के पास से एक सोने की चेन, 25 हजार रुपए नगद, दो बोलेरो कार और एक मोबाइल बरामद किया गया है। पीजीआई थाना क्षेत्र में 15 जून को वंदना नाम की महिला को बातों में उलझाकर छह महिलाओं ने उनकी सोने की चेन चुरा ली थी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आवास विकास बस अड्डे के पास टप्पेबाजी की योजना बना रही महिलाओं को पकड़ लिया। पुलिस ने महिमा, अनीता, टोनी, काजल, ज्ञानती और झासी को गिरफ्तार किया और इनके पास से चोरी की गई चेन को बेचकर मिले 52 हजार नगद बरामद किए।
अन्य जिलों में भी दर्ज हैं केस
डीसीपी साउथ तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि गिरोह की कुछ महिलाओं पर अन्य जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह की सदस्य प्रियंका पहले ही जेल में रह चुकी है और अंबेडकर नगर में उसके खिलाफ मामला दर्ज है। अन्य महिलाओं के भी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। महिला गैंग को पकड़ने वाली टीम को पुलिस कमिश्नरेट की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है। पूछताछ में आरोपी महिलाओं ने अपना नाम किरण देवी, रेशमा, मनीष, प्रियंका, गीता, सोनी, आंचल, कंचन, और दिव्येंदु राय बताया, जो सभी गोरखपुर और आजमगढ़ के निवासी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button