दिल्ली के कालकाजी मंदिर में प्रसाद को लेकर विवाद, सेवादार की पीट-पीटकर हत्या

मारपीट का वीडियो सामने आया

दक्षिण दिल्ली। दिल्ली के कालका जी मंदिर में बीती रात झगड़े में मंदिर के सेवादार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सेवादार और मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद मांगने को लेकर विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट होने लगी। चार-पांच की संख्या में आए लोगों ने सेवादार पर लाठी डंडों की बरसात कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। मारपीट से मंदिर का सेवादार बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में काफी रोष व्याप्त है।
पुलिस के मुताबिक 29 अगस्त की रात 9.30 बजे उसे झगड़े की सूचना मिली। बताया जाता है कि कालकाजी मंदिर में दर्शन के बाद प्रसाद मांगने के सवाल पर विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। आरोपियों ने डंडों और मुक्कों से सेवादार पर हमला बोल दिया। उसे बुरी तरह से पीटने लगे। डंडों और मुक्कों के वार से सेवादार बुरी तरह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक योगेन्द्र सिंह (35), हरदोई यूपी का रहनेवाला था। वह कालकाजी मंदिर में पिछले 15 साल से बतौर सेवादार काम कर रहा था। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एक आरोपी अतुल पांडेय (30) को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शुक्रवार को कुछ युवक मंदिर में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद उन्होंने सेवादार योगेंद्र सिंह से चुन्नी का प्रसाद मांगा। सेवादार ने उन्हें कतार में खड़े होने को कहा। इसी बात पर दोनों में बहस हो गई। आरोपी अतुल ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर योगेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। योगेंद्र को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। यहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक योगेंद्र उत्तर प्रदेश के हरदोई के फत्तेपुर का रहने वाला था। वह पिछले 15 सालों से कालकाजी मंदिर में सेवादार था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button