दिल्ली में खुलेआम युवक को चाकू-चापड़ से काट डाला, हमलावरों ने पेट चीरकर आंतें बाहर निकाल दीं

नई दिल्ली। बाहरी-उत्तरी दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात आधा दर्जन लड़कों ने एक युवक की बीच सड़क पर चाकू और चापड़ से वारकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी युवक पर तब तक वार करते रहे जब तक उसका दम नहीं निकला। इस बीच मौके पर भीड़ तमाशबीन रही। किसी ने भी युवक को बचाने का प्रयास नहीं किया।
खबर मिलते ही युवक के परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए। मृतक की शिनाख्त सैफ शेख उर्फ बचकंडा (24) के रूप में हुई है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्राइम टीम और एफएसएल को मौके पर बुला लिया गया। बाद में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि वारदात को एरिया के कुछ नाबालिग लड़कों ने अंजाम दिया है। इन लोगों का सैफ से पार्टी में झगड़ा हुआ था। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सैफ अपने परिवार के साथ जेजे कॉलोनी, बवाना में रहता था। इसके परिवार में दो भाई आसिफ-सलमान, दो बहनें और पत्नी शबनम के अलावा तीन साल की बेटी है। फिलहाल सैफ की पत्नी गर्भवती भी है। सैफ जामा मस्जिद इलाके में फ्रूट बेचता था। शुक्रवार रात को खाना खाने के बाद सैफ बाहर निकला था।
इस बीच डी-ब्लॉक, जेजे कॉलोनी, बवाना में आरोपियों ने सैफ को घेर लिया। लड़कों ने चाकू और चापड़ से उस पर हमला कर दिया। पांच-छह लड़कों ने दर्जनों वारकर सैफ को मौत के घाट उतार दिया। उसके पेट, सीने, गर्दन व शरीर के दूसरे हिस्से पर चाकू और चापड़ से वार किए। हमलावरों ने पेट चीरकर सैफ की आंतें तक बाहर निकाल दीं।
इस बीच खबर मिलने के बाद सैफ का परिवार वहां पहुंचा तो आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में उसका शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लड़कों की पहचान कर ली गई है। वह पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं।




