मुंबई में पेट्रोल पंप पर होर्डिंग गिरने से चार की मौत, तेज आंधी-बारिश के बीच बड़ा हादसा

मुंबई/एजेंसी। मुंबई में तेज आंधी के साथ बारिश से जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है तो वहीं घाटकोपर इलाके एक दुर्घटना सामने आई है। एक बड़ी हाेर्डिंग के पेट्रोल पंप के ऊपर गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 32 से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर तमाम एजेंसियों ने मिलकर नीचे दबे लोगों को रेस्क्यू करके निकाल। घटना की सूचना पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। तेज आंधी के चलते मुंबई लोकल और मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित हुईं। 40 से 50 किलोमीटर से अधिक गति से हवाएं चलाने से कई इलाकों में होर्डिंग्स टूटी और पेड़ गिरे।
मुंबई के घाटकोपर इलाके में तेज आंधी और बारिश की वजह से लोहे की एक होर्डिंग गिर गई। जिसकी चपेट में काफी लोग आ गए हैं। होर्डिंग के नीचे लोगों को निकाला गया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना पंतनगर में ईस्टर्न एक्सप्रेस वे राजमार्ग के किनारे स्थित पुलिस ग्राउंड पेट्रोल पंप के पास घटी। सीएम एकनाथ शिंदे ने घटना स्थल का दौरा किया और घायलों का इलाज करने के निर्देश दिए।
मुंबई और आसपास के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने और बारिश से मेट्रो और लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे, पालघर में बिजली गिरने और मध्यम से तीव्र बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि अगले तीन-चार घंटों में मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का अनुमान है। मेट्रो रेल के एक प्रवक्ता ने बताया कि तेज हवाओं के कारण बिजली के तार पर एक बैनर गिरने के बाद आरे और अंधेरी ईस्ट मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं निलंबित कर दी गईं। एक अधिकारी ने बताया कि तेज हवाओं के कारण ठाणे और मुलुंड स्टेशन के बीच एक एक खंभा झुक जाने से मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाएं प्रभावित हुईं।
बेमौसम बारिश से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिली, वहीं ठाणे जिले के कलवा और कुछ अन्य इलाकों में बिजली कटौती की सूचना मिली। इसके अलावा कुछ जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। दादर, कुर्ला, माहिम, घाटकोपर, मुलुंड और विक्रोली में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि दक्षिण मुंबई के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। ठाणे, अंबरनाथ, बदलापुर, कल्याण और उल्हासनगर जैसे शहरों में भी तेज हवाओं के साथ मध्यम स्तर की बारिश हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button