नाबालिग लड़की के दो बॉयफ्रेंड, एक से करवा दी दूसरे की हत्या! इंडिया गेट मर्डर में चौंकाने वाला खुलासा

नई दिल्ली। इंडिया गेट पर आइसक्रीम बेचने वाले युवक प्रभात की हत्या में हैरान करने वाली बात सामने आई है। इस मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी अजय उर्फ आकाश को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्या में मृतक की नाबालिग प्रेमिका भी शामिल थी। प्रेमिका को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। आरोप है कि प्रेमिका ने ही प्रभात की हत्या के लिए अपने दूसरे प्रेमी अजय उर्फ आकाश को उकसाया था। अजय इस मामले में मुख्य आरोपी है। अजय पर ही चाकू से गोदकर प्रभात की हत्या करने का आरोप है। आरोप है कि लड़की, प्रभात को अपने रास्ते से हटाने के लिए अजय के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत अजय बुधवार रात इंडिया गेट के पास आकर प्रभात की हत्या कर फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस लड़की की भूमिका के बारे में पता लगा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि लड़की चार साल से प्रभात और दो साल से अजय के साथ रिलेशन में थी। 15 दिन पहले ही दोनों को इस बारे में पता चला था। इसके बाद प्रभात का लड़की से झगड़ा हुआ। इस बात से गुस्सा होकर लड़की ने अजय के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। लड़की अजय के साथ रहना चाहती थी क्योंकि उसकी आमदनी अधिक है। अजय नोएडा सेक्टर 128 में टेंट हाउस में काम करता है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े बरामद करने में जुटी हुई है।
प्रभात की हत्या में शामिल उसकी नाबालिग दोस्त को भी पुलिस ने हत्या के लिए उसकावे के आरोप में पकड़ लिया है। प्रभात के परिवार वाले इस बात से परेशान हैं कि उन्हें समझ में ही नहीं आ रहा कि जिस लड़की को अपने घर की बहू बनाने का सपना देख रहे थे, वही लड़की उनके बेटे की हत्या की साजिश रचेगी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि करीब चार साल पहले प्रभात और उस लड़की के बीच दोस्ती हुई थी। अभी तक पूछताछ में पता चला कि लड़की दोनों के साथ रिश्ते में रही। करीब 15 दिन पहले प्रभात और आरोपी को पता चला कि दोनों की एक लड़की से दोस्ती है। इस बात को लेकर लड़की के साथ प्रभात का झगड़ा हो गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में अजय से पूछताछ में पता चला है कि आरोपी चाकू लेकर ऑटो से इंडिया गेट आया था। वह प्रभात की रेहड़ी के आसपास करीब आधे घंटे तक रहा था। इस बीच वह देख रहा था कि कब रेहड़ी से भीड़ हटे। जब रेहड़ी पर प्रभात अकेला खड़ा था। अंधेरे का फायदा उठाकर उसने प्रभात पर चाकू से तीन वार किए और वहां से भाग गया। इंडिया गेट पर भी काफी देर तक रहा। फिर किसी दूसरी गाड़ी से फरार हो गया। पुलिस उस ऑटो वाले के बारे भी पता कर रही है, जिससे आरोपी इंडिया गेट आया था।
डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया कि 24 अप्रैल की रात करीब 9 बजे पर कर्तव्य पथ पुलिस को इंडिया गेट के पास एक झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर संगम विहार निवासी प्रभात घायल हालत में मिले। उन्हें तुरंत लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला कि प्रभात सी-हेक्सागन इंडिया गेट पर आइसक्रीम बेचते थे। वारदात के वक्त एक 20 साल का युवक आया और प्रभात पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौके से फरार हो गया। प्रभात का मोबाइल भी गायब था। परिजनों से पूछताछ की गई तो पता चला कि प्रभात की एक नाबालिग के साथ दोस्ती थी। मामले को सुलझाने के लिए जॉइंट टीम बनाई गई। करीब एक दर्जन टीम आरोपी को पकड़ने में जुट गई। लड़की और उसके रिश्तेदारों के मोबाइल नंबर खंगाले गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो पता चला कि लड़की गोंडा यूपी निवासी अजय उर्फ आकाश के साथ रिश्ते में थी। उसके बाद अजय उर्फ आकाश को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button