सुकमा में विस्फोटकों के साथ पांच नक्सली गिरफ्तार, आईईडी ब्लास्ट की प्लानिंग हुई फेल

सुकमा/छत्तीसगढ़। नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने 5 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। जगरगुंडा क्षेत्र में पुलिस ने यह कार्रवाई की है. सभी नक्सली आईईडी ब्लास्ट की प्लानिंग कर रहे थे। इस दौरान सुरक्षाबलों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जगरगुण्डा क्षेत्र में माओवादी संगठन से जुड़े पांच सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, जो सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से आईईडी बम प्लांट कर चुके थे। सुरक्षाबलों ने सतर्कता बरतते हुए न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि टिफिन बम और अन्य विस्फोटक सामग्री को डिफ्यूज कर दिया। जिससे बड़ी नक्सल वारदात टल गई।
पुलिस को यह सफलता एरिया डोमिनेशन के दौरान मिली. ग्राम अचकट के जंगल टेकरी क्षेत्र में पांच संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। जिसके बाद फोर्स तुरंत एक्टिव हो गई और सभी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। सभी ने प्रतिबंधित माओवादी संगठन बेड़मा आरपीसी अंतर्गत हिड़मा गांव के मिलिशिया सदस्य के रूप में कार्य करना स्वीकार किया।
एसपी सुकमा किरण चव्हाण ने बताया कि पूछताछ के दौरान नक्सलियों के कब्जे से टिफिन बम बरामद हुआ है।जिसका वजन 2 किलोग्राम है। इसके अलावा बिजली के तार, कोर्डेक्स वायर और डेटोनेटर मिले हैं। टिफिन बम को बीडीएस टीम ने निष्क्रिय कर दिया है, जिससे बड़ी नक्सल वारदात टल गई।
सुकमा एसपी ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। सभी को कोर्ट में पेश किया गया। जिसके बाद नक्सलियों को जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button