नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर से नायाब तहसीलदार के चप्पल की चोरी

एसपी को लिखी चिट्ठी और थाने में दी शिकायत

आगर मालवा/मध्य प्रदेश। नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में चप्पल चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। खास बात यह है कि इस बार चोरी किसी आम श्रद्धालु की नहीं, बल्कि एक अधिकारी की चप्पल की हुई। घटना के बाद मामला सीधे थाने तक पहुंच गया और विधिवत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही एसपी को भी पत्र लिखा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को दोपहर करीब 3:15 बजे नलखेड़ा नायब तहसीलदार दर्शन के लिए मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे थे। दर्शन से पूर्व उन्होंने अपनी चप्पल रसीद काउंटर के पास निर्धारित स्थान पर उतारी थी। करीब 10 मिनट बाद लौटने पर चप्पल गायब मिली। इसके बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक व्यक्ति चप्पल ले जाते हुए दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि संदिग्ध व्यक्ति की पहचान भी कर ली गई और पूछताछ के दौरान उसने चप्पल ले जाने की बात स्वीकार की। मामले को लेकर एसपी और थाना प्रभारी नलखेड़ा को लिखित आवेदन देकर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
आए दिन होती है चप्पल की चोरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर में चप्पल और अन्य सामान चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। कई श्रद्धालुओं की चप्पलें पहले भी गायब हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में लोग इसे छोटी घटना मानकर नजरअंदाज कर देते हैं और थाने तक मामला नहीं पहुंचता। लेकिन जिले के ही नायब तहसीलदार ने चप्पल चोरी के मामले में शासकीय पत्राचार कर मामले को गंभीर बना दिया है। मामला चर्चा का विषय बना हुआ है कि यदि आम लोगों की शिकायतों को भी इसी गंभीरता से लिया जाए तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।
मामले में नलखेड़ा थाना टीआइ नागेश यादव ने कहा कि नायब तहसीलदार द्वारा चप्पल चोरी होने को लेकर आवेदन दिया है। मामले में नियमानुसार विधिवत कार्रवाई की जा रही है। खास बात यह भी है कि इसी मंदिर से महिला श्रद्धालुओं के सोने के आभूषण भी गायब हो चुके हैं। जिनका पुलिस अब तक पता नहीं लगा पाई। किंतु नायब तहसीलदार की चप्पल सीसीटीवी फूटेज खंगाल कर ढूंढ ली गई हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button