छत्तीसगढ़ के सुकमा में 21 साल बाद खुला भगवान राम का मंदिर, नक्सलियों ने धमकी देकर कराया था बंद

सुकमा/छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के केरलापेन्दा गांव में 21 साल बाद भगवान राम का मंदिर फिर से खुल गया है। यह मंदिर कई सालों पहले बनाया गया था, लेकिन 2003 के आसपास नक्सलियों ने इसे बंद कर दिया था। हाल ही में सीआरपीएफ और सुकमा पुलिस द्वारा केरलापेन्दा गांव के पास लखापाल में नया कैंप खोला गया। सुरक्षाबलों ने ग्रामीणों से उनके हालचाल पूछे। इसी दौरान ग्रामीणों ने सीआरपीएफ जवानों को मंदिर के बारे में बताया और इसे फिर से खोलने का आग्रह किया।
सीआरपीएफ 74वीं बटालियन के जवानों ने मंदिर परिसर में ग्रामीणों के लिए मेडिकल कैंप लगाया और सफाई अभियान चलाया। जवानों के साथ ग्रामीणों ने भी मंदिर की सफाई में भाग लिया और 21 साल बाद मंदिर के कपाट खोले गए। मंदिर के खुलने पर गांव के लोगों ने खुशी जताई। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और सीआरपीएफ के मेडिकल कैंप में इलाज भी करवाया।
ग्रामीणों ने सीआरपीएफ जवानों से मंदिर के जीर्णोद्धार की इच्छा जताई है। सीआरपीएफ अधिकारियों ने जल्द ही मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया है। यह मंदिर काफी पुराना दिखाई देता है। इसके शिखर पर हनुमान जी की छवि बनी हुई है। मंदिर के अंदर भगवान राम, लक्ष्मण और सीता जी की संगमरमर से बनी सुंदर प्रतिमाएं हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button