फतेहपुर में आग से कई घर जलकर राख :नकदी सहित गृहस्थी का लाखों रुपए का सामान जला, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू

सत्येंद्र शुक्ला(फतेहपुर/उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर में अज्ञात कारण से आग लगने से कई कच्चे मकान जलकर खाक हो गए। आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड टीम को दी लेकिन फायर ब्रिगेड टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने स्वयं से आग बुझाने का प्रयास कर काबू पा लिया। अग्निकांड में नकदी सहित लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हुआ है। लगभग चार घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग में काबू पा लिया गया। जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दरियापुर गांव निवासी राम प्रताप निषाद के घर मे अज्ञात कारणों से आग लग गई, आग इतनी भयानक थी कि पलक झपकते ही पड़ोसियों के चार घरों में भी फैल गई। आग की उठ रही लपटों व धुएं को देखकर ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़े, लोगों ने स्वयं से आग बुझाने का प्रयास किया। जिसमें कि लगभग चार घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग में काबू पा लिया गया। इस आगजनी में राज करन, राम करन, मैकू निषाद व गीता देवी के घरों के अंदर रखी नगदी, जेवरात समेत घर गृहस्थी का सामान व अनाज जलकर खाक हो गया। आग बुझने के घण्टो देर से दमकल गाड़ी पहुँची,जिसे लेकर पीड़ितों समेत ग्रामीणों के बीच विभागीय कर्मियों के प्रति गहरी नाराजगी देखने को मिली।
आगजनी की सूचना पाकर पहुँची पुलिस व राजस्व टीम ने घटना का जायजा लेते हुए नुकसान का आंकलन करते हुए भुक्तभोगियों को हर सम्भव सरकारी सहायता दिलाए जाने का भरोसा दिलाया है।




