‘कुछ दिन बचे हैं, पेंशन दिलवा दो लल्ला’, 112 साल की अम्मा ने मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश से की गुहार

मथुरा/उत्‍तर प्रदेश। मथुरा स्थित डीएम ऑफिस में सोमवार को भावुक नजारा दिखा। 112 साल की रम्‍मूली देवी अपने नाती की बहू के साथ जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के पास गुहार लगाने पहुंचीं। उनको देखते ही डीएम साहब खड़े हो गए और कुर्सी पर बैठाया। उन्‍होंने रम्‍मूली देवी से आने का कारण पूछा तो पता चला कि उनका अब तक वृद्धावस्‍था पेंशन नहीं मिल पाई है। कातर स्‍वर में रम्‍मूली देवी ने डीएम से कहा- ‘कुछ दिन की जिंदगी बची है। हमको वृद्धावस्‍था पेंशन दिलवा दो लल्‍ला।’
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बुजुर्ग अम्‍मा की समस्‍या को समझा और जिला कल्‍याण अधिकारी को तीन दिन के भीतर उनका पेंशन बनवाने के निर्देश दिए। दरअसल, हर सोमवार को डीएम अपने दफ्तर में जनसुनवाई करते हैं। इसी दौरान बुजुर्ग रम्‍मूली देवी पहुंची थीं। वह मथुरा के इंद्रपुरी इलाके में रहती हैं। उनके पोते की बहू सहारा देकर उनको डीएम ऑफिस तक ले आई। रम्‍मूली देवी ने बताया कि वह 112 साल की हैं पर अब तक उनका वृद्धावस्‍था पेंशन नहीं आता है।
इस बीच, सोशल मीडिया पर मथुरा डीएम चंद्र प्रकाश सिंह के संवेदनशील व्‍यवहार की जमकर तारीफ हो रही है। यूजर्स का कहना है कि ऐसे काबिल अधिकारी अगर जिले का कार्यभार संभालें तो किसी को कभी कोई दिक्‍कत हो ही नहीं सकती। एक अन्‍य यूजर ने लिखा कि जिस तरह से मथुरा डीएम ने बुजुर्ग अम्‍मा को अपने दफ्तर में बैठाया, उनका हालचाल जाना, ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है।
आपको बता दें कि डीएम चंद्र प्रकाश सिंह अपने संवेदनशील व्‍यवहार की वजह से पहले भी मीडिया की सुर्खियां बनते रहे हैं। अगस्‍त, 2025 का एक वाकया है। डीएम साहब मथुरा में बाढ़ का जायजा लेने निकले थे। इस दौरान वृंदावन में उनको भीख मांगते हुए कई बुजुर्ग दिख गए। वह भिखारी के सामने सड़क पर बैठ गए और बोले- बाबा भीख मांगना बंद कर दीजिए। अगर कुछ मांगा है तो भगवान से मांगिए।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने भीख मांग रहे लोगों को काम धंधा करने की सलाह दी। उन्‍होंने कहा कि वृंदावन में काम करने के लिए बहुत कुछ है। डीएम ने भीख मांग रहे बुजुर्ग से पूछा कि आप कहां के रहने वाले हैं। जब उन्‍होंने बताया कि वह बंगाल के रहने वाले हैं तो उन्‍होंने भीख मांगने का कारण पूछा इस पर भिखारी कोई स्‍पष्‍ट जवाब नहीं दे पाया। इस पर डीएम ने कहा कि वृंदावन में ऐसा बहुत कुछ है जिससे आप आप अपना जीवन अच्‍छे तरीके से बिता सकते हैं। आपसे निवेदन है कि आगे से भीख मत मांगिएगा।
2018 में पीसीएस से आईएएस के रूप में प्रमोट हुए चंद्र प्रकाश‍ सिंह
1997 बैच के पीसीएस अफसर चंद्र प्रकाश सिंह प्रशासनिक महकमे में सीपी सिंह के नाम से मशहूर हैं। 2018 में उन्‍हें आईएएस पद पर प्रमोशन मिला। मथुरा से पहले कासगंज और बुलंदशहर में भी जिले का प्रभार संभाल चुके हैं। वह मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्‍यक्ष भी रह चुके हैं। पीसीएस अफसर के तौर पर वह अपने करियर में अलीगढ़, मेरठ, इटावा समेत कई जिलों मे बतौर एसडीएम और एडीएम तैनात रह चुके हैं। वह 18 जनवरी, 2025 से मथुरा में डीएम पद पर तैनात हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button