झपटमारों से दिल्ली पुलिस भी नहीं सुरक्षित,पुलिसकर्मी से छीन लिया मोबाइल

नई दिल्ली। साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के कंट्रोल रूम में तैनात एक पुलिसकर्मी से जनकपुरी इलाके में झपटमारी का मामला सामने आया है। स्कूटी सवार कपल ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की पहचान अशोक कुमार मीणा के रूप में हुई है। पीड़ित की शिकायत पर जनकपुरी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित अशोक ने बताया कि वह परिवार के साथ सागरपुर इलाके में रहते हैं। वह दिल्ली पुलिस में कार्यरत हैं और उनकी तैनाती साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के कंट्रोल रूम में है। पीड़ित के अनुसार, 28 जनवरी की सुबह 11 बजे वह डाबड़ी जाने के लिए डेसू कॉलोनी बस स्टैंड के पास आए। इसी बीच उनके मोबाइल पर किसी का कॉल आया। वह फोन पर बातचीत करने लगे।
इसी दौरान काली माता मंदिर की ओर से स्कूटी सवार एक युवक-युवती उनके पास आए। स्कूटी युवती चला रही थी, जबकि पीछे की सीट पर एक युवक बैठा हुआ था। युवक ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। जब तक वह शोर मचाते, दोनों डाबड़ी फ्लाईओवर की तरफ भाग गए। राहगीर की मदद से पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान पर केस दर्ज कर लिया है।




