गाजियाबाद में क्रेडिट कार्ड का लोन चुकाने के लिए पति-पत्नी बने लुटेरे
Ghaziabad: Husband and wife become robbers to pay off their credit card loan

गाजियाबाद। क्रेडिट कार्ड लोन का भुगतान करने में असमर्थ रहने पर एक युवक ने पत्नी के साथ मिलकर लूट करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने एक महीने में दो चेन लूट की घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पता लगाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई एक चेन और लूट में प्रयोग हुई स्कूटी भी बरामद की है। बीते साल ही दोनों ने प्रेम विवाह किया था। लूट के दौरान युवती स्कूटी चलाती थी। स्कूटी भी ऐसे चलाई कि पुलिस पीछा करने के बाद भी घटना वाले दिन पकड़ नहीं पाई।
पुलिस ने इस नाकामी को चुनौती के रूप में लिया और क्रॉसिंग थानाध्यक्ष प्रीति गुप्ता के नेतृत्व में चार टीमों ने कई दिन की मेहनत के बाद आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, कविनगर थानाक्षेत्र की स्कार्डी ग्रीन सोसायटी निवासी विवेक पांडेय और उसकी पत्नी कीर्ति शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में विवेक ने बताया कि वह बजाज अलायंज कंपनी में नोएडा काम करता था। एक महीने पहले उसकी नौकरी छूट गई थी।
फ्लैट का किराया और बीते वर्ष क्रेडिट कार्ड पर लिए दो लाख रुपये के लोन की किस्त चुकाने के लिए रुपयों का इंतजाम न होने पर उसने लूट करने की योजना बनाई। उसकी पत्नी कीर्ति भी लूट में सहयोगी बनने के लिए तैयार हो गई। दोनों ने आसपास के क्षेत्र में रेकी करने के बाद क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में लूट की घटनाएं करना तय किया। 29 अक्टूबर को दोनों ने क्रॉसिंग क्षेत्र से एक महिला से चेन लूटी और 30 हजार रुपये में बेच दी। 15 नवंबर को अलका अग्रवाल नामक महिला से चेन लूट ली। घटना के समय कीर्ति स्कूटी स्टार्ट कर हेलमेट लगाकर तैयार बैठी हुई थी। विवेक पांडेय ने महिला की चेन लूटी और तेजी से स्कूटी पर बैठकर दोनों एनएच-नौ से लाल कुआं, जीटी रोड होते हुए पुलिस को चकमा देते हुए फरार हो गए। स्कूटी का लगा सोसायटी का स्टीकर भी आधा फाड़ा हुआ था। स्कूटी की नंबर प्लेट भी कैमरे की निगाह में आने से बचने के लिए मोड़ी हुई थी।
पुलिस ने 15 नवंबर की घटना के बाद आरोपियों का पता लगाने के लिए क्रॉसिंग रिपब्लिक, अंबेडकर रोड, जीटी रोड, चिपियाना, गोल्फ लिंक, पांडव नगर, लाल कुआं इलाके के करीब 700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन पांडव नगर में ओम विहार के पास आरोपी ने अपनी स्कूटी खड़ी की और कैब बुक कर घर चले गए।
रात करीब नौ बजे युवक बाइक टैक्सी बुक कर स्कूटी तक आया और स्कूटी लेकर चला गया। पुलिस ने कैब नंबर ट्रेस कर उसके चालक का पता लगाया। उससे पूछताछ में कैब बुक करने वाले का नंबर निकाला और उस नंबर की सीडीआर और लोकेशन चेक कर आरोपियों का पता लगाया। पुलिस युवक-युवती को दोस्त समझ रही थी, लेकिन पकड़े जाने पर पता चला कि दोनों पति-पत्नी हैं।
आरोपी विवेक पांडेय मूल रूप से अयोध्या के गुसाइगंज थाना क्षेत्र के मठिया गांव का रहने वाला है। विवेक ने बीते वर्ष ही लुहारपुरा निवासी कीर्ति शर्मा से प्रेम विवाह स्वजन की सहमति से किया था। कीर्ति ने बीकॉम किया हुआ है। दोनों के तीन महीने की एक बच्ची है। कीर्ति के माता-पिता उनके साथ फ्लैट पर रहते हैं। लूट करने जाते हुए बच्ची को नाना-नानी के पास छोड़कर जाते थे। पुलिस ने 29 अक्टूबर को लूटी चेन को बेचकर बचे 3200 रुपये भी बरामद किए हैं।




