मुजफ्फरनगर में पकड़ी गई 1.20 करोड़ रुपये की चरस, डेंटल डॉक्टर निकला मास्टरमाइंड

मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश। मुजफ्फरनगर में थाना शाहपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम मेरठ ने 3 अन्तर्राज्यीय अवैध मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये की चरस और तस्करी में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तस्करी का मास्टरमाइंड एक डेंटिस्ट फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
मुजफ्फरनगर में अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी संजीव सुमन के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और नारकोटिक्स टीम मेरठ ने 31 अक्टूबर की रात को 3 शातिर अन्तर्राज्यीय अवैध मादक पदार्थ तस्कर को मंसूरपुर तिराहा के पास से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक थाना शाहपुर आनंद देव मिश्रा ने बताया कि बदमाशों के कब्जे से 10 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ (चरस) और तस्करी में प्रयुक्त अर्टिका कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए बदमाशों में सुमित राठी निवासी ग्राम कमरुद्दीन नगर उर्फ सैनपुर थाना बुढ़ाना, राधेश्याम निवासी ग्राम परासौली और आकाश निवासी ग्राम भौरा कलां थाना भौरा कलां जिला मुजफ्फरनगर हैं। बताया कि तीनों बदमाशों से 10 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ (चरस) जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ 20 लाख रुपये है।
पहाड़ी दुर्गम स्थानों से एकत्र की जाती है चरस
पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि डॉ. कपिल निवासी ग्राम परासौली थाना बुढ़ाना मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। वह विगत 10-12 वर्ष से उत्तराखंड के चमोली में बालाजी डेन्टल के नाम से क्लिनिक चलाता है। राधेश्याम इसी गांव का रहने वाला है। इस वजह से उनकी जान पहचान डॉ. कपिल से हो गई थी। डॉ. कपिल डेन्टल दुकान की आड़ में अवैध चरस सप्लाई करता है, जिसे वह पहाड़ी के दुर्गम स्थानों से इकट्ठा कर मुजफ्फरनगर, बागपत और एनसीआर के विभिन्न जनपदों में भिजवाता है। दबोचा गया बदमाश सुमित राठी चरस सप्लाई करने में बरामद गाड़ी से सहयोग करता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button