दिल्ली में सीवर बनते जा रहे आम लोगों के लिए मुसीबत, गड्ढे में गिरी वैन

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में रविवार रात एक अनियंत्रित वैन जल बोर्ड के अंडर कंस्ट्रक्शन साइट में बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे में गाड़ी चला रहे ड्राइवर को भी चोट लगी है। सूचना मिलते ही द्वारका साउथ थाने के एसएचओ आशीष कुमार दुबे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल ड्राइवर की पहचान महावीर एनक्लेव निवासी राजेश के रूप में हुई है। फिलहाल द्वारका साउथ थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्रेन की मदद से वैन को निकाला गया
डीसीपी एम. हर्षवर्धन ने बताया कि रविवार देर रात मधु विहार के पास एक गड्ढे में वैन के गिरने की सूचना मिली थी। बताया गया कि रात करीब साढ़े 10 बजे वैन जल बोर्ड के अंडर कंस्ट्रक्शन साइट के गड्ढे में गिरी थी। मौके पर लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से वैन के ड्राइवर को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। जांच में पता चला की वैन चलाते समय ड्राइवर फोन का इस्तेमाल कर रहा था, जिस वजह से वैन बैरिकेड को टक्कर मारते हुए गड्ढे में गिर गई। क्रेन की मदद से वैन को बाहर निकल गया।
45 दिनों में डाली जानी थी सीवर लाइन
द्वारका सेक्टर-5 के पास स्थित मधु विहार में आए दिन सीवर जाम की शिकायतें दूर करने के लिए जल बोर्ड ने कॉलोनी के सीवर नेटवर्क को बड़ी सीवर लाइन (1000 एमएम) से कनेक्ट करने का प्लान बनाया। इसके तहत डाबड़ी-पालम ड्रेन के नीचे से माइक्रो टनलिंग मेथड के जरिए द्वारका सेक्टर- 2 एसटीपी तक सीवर लाइन डालना है। सीवर लाइन बिछाने का वर्क ऑर्डर पिछले साल 28 अक्टूबर को जारी किया गया। 45 दिनों में यह काम पूरा करना था, लेकिन इस काम एक साल बाद भी काम पूरा नहीं हुआ है। सीवर लाइन डालने के लिए द्वारका सेक्टर-2 सीएनजी स्टेशन के सामने डाबड़ी-द्वारका रोड पर करीब 10-12 फुट गहरा गड्ढा खोदा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button