केरल के मुख्यमंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार ने पत्रकारों पर की विवादित टिप्पणी

केरल/एजेंसी। वरिष्ठ अंतरिक्ष वैज्ञानिक और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के वैज्ञानिक सलाहकार एम सी दाथन के एक बयान से बुधवार को विवाद पैदा हो गया जब उन्होंने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को कवर कर रहे पत्रकारों से जाकर भीख मांगने को कहा। यह घटना यहां राज्य सचिवालय के सामने उस समय हुई जब विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के नेता राज्य में कथित भ्रष्टाचार और महंगाई को लेकर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान पुलिसकर्मी मुख्यमंत्री के वैज्ञानिक सलाहकार एम सी दाथन को नहीं पहचान सके और उन्हें सचिवालय के एक गेट पर रोक दिया और अंदर नहीं जाने दिया।
इस कारण विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र के पूर्व निदेशक एवं पद्म श्री से सम्मानित दाथन को कुछ समय के लिए पुलिस अवरोधकों के सामने इंतजार करना पड़ा। बाद में विरोध प्रदर्शन को कवर करने के लिए वहां मौजूद पत्रकारों ने पुलिस को उनकी पहचान के बारे में सूचित किया, जिसके बाद उन्हें सचिवालय भवन जाने की अनुमति दी गई। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें कोई परेशानी हुई, तो नाराज दिख रहे दाथन ने उन पर चिल्लाते हुए कहा, ‘‘क्या आपके पास कोई और काम नहीं है? यदि नहीं, तो जाओ और भीख मांगो…। ’’ केरल के श्रमजीवी पत्रकारों के संगठन और तिरुवनंतपुरम प्रेस क्लब ने इस घटना की निंदा करते हुए वैज्ञानिक से माफी की मांग की है।




