बिहार में महिला पर दो दिन तक पति का अत्याचार, कमरे में बंद कर पीटा, खेतों के रास्ते भागकर बचाई जान

पहले भी कर चुका है मारपीट, थाने और कोर्ट में दी गई थीं शिकायतें

भोजपुर/बिहार। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया रामपुर गांव में एक महिला को उसके पति ने दो दिनों तक कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। पीड़ित महिला किसी तरह जान बचाकर खेतों के रास्ते भागी और देर रात अपने मायके पहुंची। फिलहाल उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में जारी है और मामले की शिकायत स्थानीय थाना में दर्ज कराई गई है।
घरेलू हिंसा की शिकार महिला ने दो किलोमीटर पैदल चलकर बचाई जान
पीड़िता काजल देवी, जो मिश्रवलिया गांव निवासी राकेश चौधरी की पत्नी हैं, ने बताया कि उसके पति की ओर से लगातार पैसों की मांग की जाती रही है। हाल ही में उसने 50 हजार रुपये की मांग की, जिसे देने में असमर्थता जताने पर मारपीट शुरू कर दी गई। दो दिनों तक लात-घूंसे और अन्य तरीकों से उसे पीटा गया। जान बचाने के लिए वह पड़ोसी के घर में छिपी, फिर खेतों के रास्ते शाहपुर पहुंची और वहां से बक्सर होते हुए ट्रेन से अपने मायके रामसागर गांव पहुंची।
काजल ने बताया कि उसकी शादी नौ साल पहले बड़े धूमधाम से हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं- दो बेटे प्रियांशु और अंशु, और एक बेटी सोनाली। शादी के बाद से ही पति बार-बार उसके मायके से पैसे और सामान की मांग करता रहता था।
उसने बताया कि यह पहली बार नहीं है, जब उसके साथ हिंसा हुई हो। पहले भी कम से कम पांच बार उसके साथ मारपीट हो चुकी है, जिसकी शिकायत उसने थाने और कोर्ट में की थी। लेकिन हर बार मामले को किसी तरह मैनेज कर लिया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति सुधरने का नाम नहीं लेता। जो भी उसकी मदद करने ससुराल आता है, उनके साथ भी दुर्व्यवहार और मारपीट की जाती है। महिला की हालत को देखते हुए परिजनों ने उसे आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले की शिकायत स्थानीय थाने में कर दी गई है और पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button