बेखौफ चोरों ने एडिशनल एसपी के आवास में घुस कर चंदन के पेड़ों को काटकर साफ कर डाला

पौड़ी गढ़वाल,(उत्तराखंड)। पुलिस के डर से बेखौफ चोरों ने पुलिस अधिकारी के घर में ही हाथ साफ कर डाला। मामला उत्तराखंड के पौड़ी जिला स्थित श्रीनगर में एडिशनल एसपी के आवास का है। जहां चोरों ने पुष्पा फिल्म की स्टाइल में पुलिस अधिकारी एडिशनल एसपी के आवास में रात के अंधेरे में घुस कर बड़े-बड़े चंदन के पेड़ों पर आरी चलाकर उन्हें साफ कर डाला।
एडिशनल एसपी के घर में धावा बोलने वाले चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने घर में चोरी करने के लिए ऐसा रास्ता चुना जहां पर कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। जिसके चलते फिलहाल चोरों की पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है। जिसको देखते हुए पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के समीप पेट्रोल पंप के निकट में वन क्षेत्राधिकारी रहे स्वर्गीय दर्शन लाल आर्य का आवास है। दर्शन लाल आर्य का बेटा प्रकाश चंद आर्य एडिशनल एसपी है। बताया जा रहा है कि प्रकाश चंद आर्य के घर में चंदन के पेड़ लगे हुए थे। जिन पर रात के अंधेरे में किसी ने आरी चला दी और पेड़ काटकर अपने साथ ले गए। जिसका पता सुबह चल पाया।
एडिशनल एसपी प्रकाश चंद आर्य के किराएदार मनोज कुमार ने बताया कि रात को वो सोए हुए थे, तभी चंदन के पेड़ों को काटा गया। सुबह उठकर उन्होंने देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने फोन पर मामले की जानकारी प्रकाश चंद आर्य और पुलिस को दी। इस संबंध में श्रीनगर कोतवाली प्रभारी रवि सैनी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button