गाजियाबाद रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प

गाजियाबाद। गाजियाबाद रेलवे स्टेशन का अब कायाकल्प होगा। केंद्र सरकार ने इसके लिए 450 करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का शिलान्यास छह अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ऑनलाइन किया जाएगा। डीएम राकेश कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि छह अगस्त को पुराना रेलवे स्टेशन पर सुबह साढे नौ बजे होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय रेल, संचार एवं इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल, कोयला एवं खनन राज्यमंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे, रेल एवं वस्त्र राज्यमंत्री दर्शना जरदोश, स्थानीय सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह, शहर विधायक अतुल गर्ग और महापौर सुनीता दयाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
दो साल बाद बदल जाएगी रेलवे स्टेशन की तस्वीर
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन की दो साल बाद तस्वीर बदल जाएगी। पुनर्विकास कार्यों के तहत प्रवेशद्वार से लेकर प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय कक्ष, टिकट बुकिंग कक्ष, यात्री सुविधा, लिफ्ट, स्वचालित सीढियां, अधिकारियों के कक्ष, स्टेशन तक आने-जाने के रास्ते, पार्किंग और फूड कोर्ट को अत्याधुनिक तरीके से विकसित किया जाएगा। डीएम के अनुसार योजना के तहत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पीएम द्वारा इसका शिलान्यास करने के उपरांत काम शुरू हो जाएंगे। करीब दो साल में काम पूरे होने के बाद रेलवे स्टेशन देश के बेहतरीन स्टेशनों की श्रेणी में शामिल होगा।
छह अगस्त को होने वाले कार्यक्रम को लेकर रेलवे स्टेशन पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्टेशन की सफाई व्यवस्था से लेकर टूटफूट की मरम्मत का काम किया जा रहा है। मंच लगाने की व्वयस्था से लेकर मंत्रियों के आगमन, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए कार्यक्रम तैयारी की जा रहीं है। रेलवे के उच्च अधिकारी भी इस दौरान स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहें हैं। रेलवे स्टेशन की शहर की तरफ बनी पार्किंग में टैंट लगाने का काम चल रहा है।




