किसान ने मंडी में बेची 472 किलो प्याज तो जेब से देने पड़े 131 रुपये

अहमदाबाद,(एजेंसी)। गुजरात में प्याज किसानों के आंसू निकाल रहा है। राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र के किसान पिछले एक महीने सही दाम नहीं मिलने के चलते परेशान हैं। भावनगर में किसानों की खराब स्थिति का मामला सामने आने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भवंगत मान ने प्याज खरीदने का ऐलान किया था तो वहीं गुजरात विधानसभा के बजट सत्र में भी यह मामला गूंज रहा है। राज्य के कृषि मंत्री राघवजी पटेल किसानों को सहायता देने की बात कह रहे हैं तो इस सब के बीच राजकोट से एक ऐसा मामला सामने आया है कि किसान जब मंडी में प्याज बेचने पहुंचा तो उसे अपनी जेब से 131 रुपये का भुगतान करना पड़ा। इस किसान का वीडियो और प्याज बेचने का बिल अब सोशल मीडिया वायरल हो रहा है। प्याज उत्पादक किसानों की बुरी स्थिति पर कांग्रेस के पोरबंदर से विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता अर्जुन मोढवाडिया ने भी हमला बोला है। मोढवाडिया ने ट्वीट करके निशाना साधा है।

सौराष्ट्र में प्याज उगाकर किसान रोने को मजबूर हैं। किसानों ने प्याज की फसल पर जितना पैसा खर्च किया है, उतना पैसा उन्हें नहीं मिल रहा है। प्याज के दाम गिरने से किसान मायूस हैं। मनमाफिक कीमत नहीं मिलने से किसानों में आक्रोश है। किसान प्याज को कम दामों में बेचने के बजाय सड़क पर फेंकने, मवेशियों को खिलाने और उस पर मशीनें चलाने को मुनासिब देख रहे हैं। राज्य सरकार की बात करें तो सरकार ने विधानसभा चुनावों से पहले पिछले साल 100 करोड़ रुपये का पैकेज प्याज उत्पादक किसानों को दिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button