ग्रेटर नोएडा में बाबा बागेश्वर की कथा सुनने को उमड़ा आस्था का सैलाब

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जैतपुर मेट्रो स्टेशन के समीप श्रीमद् भागवत कथा में लोगों की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों की संख्या में श्रद्धालु भागवत कथा सुनने पहुंचे। बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने जैसे ही संगीतमय कथा प्रारंभ की पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
पुरुषों के ज्यादा महिलाओं श्रद्धालुओं की संख्या ज्यादा रही। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे, बीच-बीच में हल्की बुंदाबांदी भी हुई, लेकिन वर्षा भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक पाई। महिलाएं नंगे पांव भक्ति गीत गाते हुए आयोजन स्थल पहुंची।
सुबह ही श्रद्धालुओं का पंडाल में जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। कई श्रद्धालु अपने बीमार स्वजनों को साथ लेकर कथा सुनने पहुंचे। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए तीन पंडाल बनाए गए हैं।
12 जुलाई को दिव्य दरबार लगेगा। जिसमें इससे भी अधिक भीड़ पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा चाकचौबंध रही। आयोजन स्थल के समीप 130 मीटर रोड पर पुलिस ने वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया।
पहले दिन देरी से प्रारंभ हुई भागवत कथा, फिर भी डटे रहे श्रद्धालु
पहले दिन कथा का प्रारंभ देरी से शुरू हुआ। शाम चार बजे से कथा प्रारंभ होनी थी, लेकिन छह बजे कथा प्रारंभ हो सकी। आयोजकों ने बतहाया कि पंडाल में लगा जेनरेटर खराब हो गया। जिस कारण पीठाधीश्वर को इंतजार करना पड़ा।
दूसरा जेनरेटर पहुंचने के बाद ही पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री कथा प्रारंभ कर पाए। दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी पंडाल में श्रीमद् भागवत कथा सुनने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को भक्ति गीत सुनाए। जिन्हें सुनकर श्रद्धालु झुमने पर विवश हो गए।




