गुरुग्राम में ड्यूटी से नदारद मिले दो ट्रैफिक पुलिस कर्मी निलंबित
एसीपी ने निरीक्षण के दौरान की कार्रवाई

गुरुग्राम। साइबर सिटी गरुग्राम में ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर ट्रैफिक पुलिस के दो जोनल अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात ईस्ट) संजय कुमार द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान की गई।
निरीक्षण के समय घाटा पावर हाउस पर तैनात जोनल अधिकारी सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर उपस्थित नहीं पाए गए। ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं, सूरजकुंड मेले के मद्देनजर भारी वाहनों के लिए लगाए गए नाकों के निरीक्षण के दौरान बंधवाड़ी टोल पर तैनात जोनल अधिकारी सहायक उप निरीक्षक आजाद भी ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं मिले।
वे नाके पर तैनात रहने के बजाय टोल बूथ के अंदर बैठे पाए गए। इसके अलावा उनके पास सरकारी बॉडी वॉर्न कैमरा भी नहीं था। इस गंभीर लापरवाही के चलते उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। सहायक पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त अनुशासन बनाए रखना प्राथमिकता है।




